तखतगढ़ में गहराया पेयजल संकट; पार्षद अनराज मेवाड़ा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पर साधा निशाना, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
तखतगढ़ (बरकत खान) तखतगढ़ नगर में पिछले कुछ समय से बनी पानी की गंभीर समस्या को लेकर अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता का गुस्सा फूट पड़ा है। वार्ड पार्षद अनराज मेवाड़ा ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर अपनी जिम्मेदारियों को सही ढंग से न निभाने का सीधा आरोप लगाया है।
"मीठा पानी खरीदने को मजबूर जनता, फिर भी आ रहे पानी के बिल"
पार्षद अनराज मेवाड़ा ने नगर की बदहाल पेयजल व्यवस्था पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि तखतगढ़ की आम जनता पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही है। लोगों को रोज़मर्रा के इस्तेमाल और पीने के लिए पैसे खर्च करके मीठा पानी खरीदना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका और जलदाय विभाग द्वारा जनता पर पानी के बिलों का बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने इसे तखतगढ़ की जनता के साथ सीधा धोखा और अन्याय करार दिया।
समाधान न होने पर पुतला दहन और आक्रोश रैली की चेतावनी
मेवाड़ा ने नगर पालिका अध्यक्ष जय श्री नामा और उपाध्यक्ष रमेश पारस घासी को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पेयजल समस्या का जल्द से जल्द कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो नगर में बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।पूरी जनता को साथ लेकर नगर में भारी आक्रोश रैली निकाली जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष जय श्री नामा और उपाध्यक्ष रमेश पारस घासी के पुतले फूंके जाएंगे।
पार्षद ने प्रशासन को आगाह किया है कि जनता के सब्र का बांध अब टूट चुका है, इसलिए नगर पालिका मंडल तुरंत हरकत में आए और पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए।

