बावड़ी में पंचायतीराज चुनावों की सरगर्मी तेज: भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में उमड़े दावेदार, आए 45 आवेदन
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा
आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर बावड़ी कस्बे के शिव मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं, इच्छुक दावेदारों और समर्थकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
45 दावेदारों ने पेश किए आवेदन
बैठक का मुख्य एजेंडा जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव हेतु प्रत्याशियों की दावेदारी पर विचार करना था। इस दौरान पार्टी के टिकट के लिए दावेदारों ने बढ़-चढ़कर अपने आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पंचायत समिति सदस्य के लिए 40 तथा जिला परिषद सदस्य के लिए 5 दावेदारों ने अपने आवेदन सौंपे। इस भारी संख्या में आए आवेदनों से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है।
दिग्गज नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
बैठक के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में जीत का खाका खींचने के लिए कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रभारी प्रतिपाल सिंह वालेचा, भाजपा जोधपुर देहात जिला उपाध्यक्ष प्रेमलता प्रजापत, जिला उपाध्यक्ष संपत भाटी, जोधपुर शहर बावड़ी चुनाव संयोजक सत्यनारायण पुष्करणा, मंडल संयोजक बाबूलाल सांखला, पुखराज गर्ग, पूर्व विधायक भोपालगढ़ कमसा मेघवाल और बावड़ी मंडल अध्यक्ष रामदीन ग्वाला सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को आमजन तक पहुँचाने का आह्वान किया, ताकि आगामी पंचायतीराज चुनावों में भाजपा का परचम लहराया जा सके।

