ग्रामीणों ने उठाई सड़क व नालियों की समस्या, नवनिर्वाचित सरपंच पर्बत सिंह ने दिया 5 साल बेमिसाल विकास का भरोसा
तखतगढ़ (पाली):बरकत खां
कस्बे के निकटवर्ती ग्राम पंचायत गोगरा से नवनिर्वाचित सरपंच पर्बत सिंह इंदा का तखतगढ़ और राजपुरा पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। चुनाव में 431 वोटों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज करने के बाद सरपंच इंदा का समर्थकों के साथ जगह-जगह साफा और फूल-मालाएं पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया।
निकाला गया विजय जुलूस, ग्रामीणों ने बताई समस्याएं: जीत के बाद समर्थकों के साथ निकाले गए विजय जुलूस में ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम के दौरान राजपुरा गांव के निवासियों ने नवनिर्वाचित सरपंच को गांव की खस्ताहाल सड़कों और नालियों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। इस पर सरपंच पर्बत सिंह इंदा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आने वाले 5 वर्षों में पंचायत क्षेत्र में पारदर्शी और अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए जाएंगे तथा सभी के सहयोग से गोगरा को एक आदर्श पंचायत बनाया जाएगा।
"यह जीत चार गांवों की जनता की जीत है": अपने संबोधन में नवनिर्वाचित सरपंच इंदा ने कहा कि "यह जीत मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि चारों गांवों की एकजुटता और जनता के विश्वास की जीत है।" उन्होंने सभी वार्ड पंचों और प्रतिनिधियों से चुनावी मतभेदों को भुलाकर एक साथ मिलकर गांव की भलाई के लिए काम करने का आह्वान किया।
भामाशाह रमेश कुमार ने किया अभिनंदन: कार्यक्रम के दौरान रमेश कुमार द्वारा नवनिर्वाचित सरपंच को साफा व माला पहनाकर बधाई दी गई। इस अवसर पर शांति कुमार (पत्नी रमेश कुमार), हरीराम, जवानाराम, सेसाराम, डायाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समर्थक उपस्थित रहे।

