नारलाई में जिला कलेक्टर और एसपी का औचक निरीक्षण: मतदान केंद्रों और काउंटिंग हॉल की व्यवस्थाएं परखीं
नारलाई (पाली) बरकत खां
पाली जिले की नारलाई ग्राम पंचायत में आगामी चुनाव और मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। पाली जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्रपुरी गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोनिका सेन तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर शैलेंद्र सिंह चारण ने बुधवार को नारलाई पहुंचकर विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया।
काउंटिंग हॉल का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश: निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस प्रमुखों ने मतदान केंद्रों की बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही सरपंच पद के चुनाव के बाद होने वाली मतगणना के लिए निर्धारित काउंटिंग हॉल की तैयारियों को बारीकी से परखा। जिला कलेक्टर एवं एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं।
आला अधिकारी रहे मौजूद: इस दौरान देसूरी उपखंड अधिकारी विश्वजीत सिंह के कुशल निर्देशन में रिटर्निंग अधिकारी डॉ. प्रदीप, जोनल मजिस्ट्रेट सुरेश देवड़ा तथा महावीर सिंह सोनीगरा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आला अधिकारियों को अब तक की गई चुनावी तैयारियों की पूरी जानकारी दी, जिस पर जिला कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

