बाजार में सरसों तेज, एमएसपी पर बेचने को 17 ही रजिस्ट्रेशन ,जिले में 25 से शुरू होगी सरकारी खरीद
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
जिले सहित प्रदेशभर में सरसों के बाजार भाव एमएसपी से ऊपर चल रहे हैं, जिसके चलते किसानों का समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद की ओर रुझान कम होता दिखाई दे रहा है। इसी का असर है कि एमएसपी पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है।
उप रजिस्ट्रार वेद प्रकाश सैनी ने बताया कि जिले में 20 मार्च तक सरसों के केवल 17 किसानों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है। सरसों और चने की एमएसपी खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू हो चुकी है, जबकि खरीद कार्य 25 मार्च से शुरू किया जाएगा। वर्तमान में मंडियों में सरसों के भाव एमएसपी से अधिक चल रहे हैं, जिसके कारण किसान अपनी उपज खुले बाजार में बेचने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे सरकारी खरीद केंद्रों पर रजिस्ट्रेशन में खास उत्साह नहीं दिख रहा है। किसानों की सुविधा के लिए खैरथल-तिजारा क्षेत्र में सरसों खरीद हेतु खैरथल, तिजारा, गुणसार, उजौली और गंगापुरी में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सरसों की खरीद एमएसपी दर पर की जाएगी, जिसके लिए किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। स्थानीय व्यापारी दीपक खंडेलवाल ने बताया कि इस समय कंडीशन सरसों के भाव लगभग 6700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुके हैं, जिससे किसान खुले बाजार में बिक्री को ज्यादा फायदेमंद मान रहे हैं।