राजगढ़ में डीएसपी ऑफिस के समीप दो सूने मकानों को चोरों ने बनाया निशाना; ताले तोड़कर जेवरात, नकदी और कीमती सामान ले उड़े

Nov 11, 2026 - 21:05
 0
राजगढ़ में डीएसपी ऑफिस के समीप दो सूने मकानों को चोरों ने बनाया निशाना; ताले तोड़कर जेवरात, नकदी और कीमती सामान ले उड़े

दीपावली मनाने गांव गए थे दोनों परिवार; पुलिस कार्यालय के नजदीक हुई दुस्साहसिक वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पूर्व की चोरियों का भी नहीं लगा सुराग

​राजगढ़, अलवर (अनिल कुमार गुप्ता):

अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कस्बे के डीएसपी ऑफिस के समीप स्थित एक कॉलोनी में चोरों ने दो अलग-अलग सूने मकानों को अपना निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर दरवाजों के ताले तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, एलईडी और अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो गए। एक ही इलाके में दो सूने मकानों में हुई इस चोरी से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष और दहशत का माहौल है।

​ताले तोड़कर नकदी और जेवरात ले उड़े चोर

पीड़िता खेलन्ती मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि वह राजगढ़ कस्बे में डीएसपी ऑफिस के समीप किराए के मकान में रहती हैं। उनका परिवार दीपावली का त्योहार मनाने अपने गांव गया हुआ था। जब वे वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए मिले और घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अज्ञात चोर बच्चों के गुल्लक, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की चेन, सोने की अंगूठी और करीब आठ हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।

​वहीं, दूसरे मामले में मकान मालिक राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि वे भी दीपावली के पूजन के सिलसिले में गांव गए थे। लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला। चोर उनके घर से एलईडी, नकदी और जेवरात समेत अन्य सामान समेट ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को अवगत करा दिया है।

​पुलिस कार्यप्रणाली और सुरक्षा पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि डीएसपी कार्यालय के इतनी नजदीक इस तरह की वारदात होना पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलता है। गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व भी इसी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी तक चोरों का सुराग लगाने में नाकाम साबित हुई है। बार-बार हो रही चोरियों से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................