खेड़ापा थाना क्षेत्र के बिराई गांव में बबलू नट हत्याकांड: मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बावड़ी, जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा):
जोधपुर ग्रामीण जिले के खेड़ापा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिराई गांव में गत दिनों युवक बबलू नट (30) की वाहन से कुचलकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी तनाव, आक्रोश और प्रदर्शन का माहौल बन गया था।
युवती को लेकर हुआ था विवाद, बुलाई गई थी समाज की पंचायत
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी महेंद्र का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर पूर्व में भी समाज स्तर पर पंचायत हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। हालांकि, शनिवार शाम जब वह युवती दोबारा महेंद्र के घर पहुँची, तो मामला फिर से गरमा गया। विवाद को सुलझाने के लिए एक बार फिर समाज के लोगों की पंचायत बुलाई गई, जिसके दौरान महेंद्र ने अपने दोस्त व ट्रक चालक बबलू नट को भी मौके पर बुलाया था। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझाइश का दौर चलता रहा।
समझौते के बाद पार्टी और सुबह फिर खूनी संघर्ष
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात आपसी समझौता होने के बाद महेंद्र, बबलू और दोनों पक्षों के करीब 40 से 50 लोग एक साथ बैठे, जहाँ शराब पार्टी भी हुई। सभी ने रात साथ बिताई, लेकिन रविवार सुबह अचानक दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गांव में गाड़ियां दौड़ाई जाने लगीं। इसी आपाधापी में बबलू बचने के लिए भागा, लेकिन वह महेंद्र द्वारा चलाए जा रहे वाहन की चपेट में आ गया। वाहन का टायर उसके सिर के ऊपर से निकल जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मृतक के परिजनों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से साफ इंकार करते हुए जानबूझकर कुचलकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सड़क पर शव रखकर किया गया प्रदर्शन और नेशनल हाईवे-62 जाम
रविवार सुबह करीब छह बजे बिराई गांव में सड़क किनारे बबलू का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित परिजनों ने आरोप लगाया कि शनिवार रात हुए विवाद की सूचना पुलिस को पहले ही दी गई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। यदि पुलिस सक्रियता दिखाती तो बबलू की जान बच सकती थी।
घटना से भड़के परिजन और नट समाज के लोग शव को लेकर बावड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे लोगों ने पहले बावड़ी-बिसलपुर स्टेट हाईवे और फिर कुछ दूरी पर स्थित जोधपुर-नागौर-बीकानेर नेशनल हाईवे-62 पर जाम लगा दिया। सड़क पर वाहन खड़े कर और बड़े पत्थर रखकर रास्ता बंद किए जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
प्रशासन की समझाइश और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
हंगामे की सूचना मिलते ही भोपालगढ़ सीओ गुलाबाराम मेघवाल, बावड़ी तहसीलदार चंदन पंवार और खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम जाखड़ भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों की समझाइश के बाद हाईवे पर यातायात सुचारु करवाया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में प्रयुक्त वाहन को पहले ही डिटेन कर लिया था और अब मुख्य आरोपी महेंद्र को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि रात में समझौता होने के बावजूद सुबह अचानक विवाद क्यों भड़का और इस पूरी घटना में अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
परिजनों की प्रमुख माँगें:
घटना के बाद नट समाज और परिजनों ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित माँगें रखी थीं:
- सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी।
- पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी आवास।
- खेड़ापा थानाधिकारी को निलंबित करने की माँग।
वहीं, भोपालगढ़ सीओ गुलाबाराम मेघवाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे लापरवाही के आरोपों की जांच तीन दिन के भीतर पूरी कर अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपने का आश्वासन दिया है। पुलिस आगामी अनुसंधान के तहत सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

