ऐतिहासिक मांडलगढ़ दुर्ग पर लगातार आगजनी की घटनाओं से गहराई चिंता; दरगाहों सहित सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर SDM को सौंपा ज्ञापन
मांडलगढ़ (राजकुमार गोयल): ऐतिहासिक मांडलगढ़ दुर्ग परिसर में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं ने स्थानीय नागरिकों और धरोहर प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। इस गंभीर विषय को लेकर पठान साहब की दरगाह के खादिम बाबू शाह एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद असलम रंगरेज ने शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को उपखंड अधिकारी (SDM) मांडलगढ़ को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से दुर्ग पर हुई आगजनी की दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच करने और परिसर में स्थित सभी धर्मों के धार्मिक स्थलों की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
खादिम की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बीते 11 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे दुर्ग परिसर की झाड़ियों में अचानक आग भड़क उठी थी। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण पास ही स्थित हजरत उस्मान पीर साहब की दरगाह और पठान साहब की दरगाह के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।
मौके पर मौजूद खादिम बाबू शाह ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और नगर पालिका को सूचना देकर दमकल बुलवाई। फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। इससे पहले दीपावली के तीन दिन बाद भी दुर्ग परिसर में तिरंगे के पास आगजनी की घटना सामने आई थी।
सोशल मीडिया वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन का ध्यान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो की ओर भी आकर्षित किया, जिनमें कुछ युवक दुर्ग परिसर में पटाखे फोड़ते और आतिशबाजी करते नजर आ रहे हैं। मांग की गई है कि:
-
वायरल वीडियो में दिख रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके उद्देश्य की गहन पड़ताल की जाए।
-
दुर्ग परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए।
-
दीपावली के बाद हुई पहली घटना में प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्रवाई को सार्वजनिक किया जाए।
15 सूत्रीय मांगें: स्थायी सुरक्षा और अग्निशमन संसाधनों पर जोर
SDM को सौंपे गए ज्ञापन में कुल 15 प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें दुर्ग स्थित सभी धर्मों के आस्था स्थलों पर नियमित पुलिस गश्त व स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने, परिसर में आतिशबाजी पर सख्त रोक लगाने, प्राकृतिक संपदा को हुए नुकसान का आकलन करने और मांडलगढ़ में पर्याप्त अग्निशमन संसाधन उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। साथ ही, इस ज्ञापन को भीलवाड़ा एसपी, मांडलगढ़ डीएसपी और थानाधिकारी को अग्रेषित कर कार्रवाई की लिखित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
अमन और गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने की अपील
खादिम बाबू शाह और मोहम्मद असलम रंगरेज ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी व्यक्ति, समाज या संगठन के विरुद्ध नहीं है, बल्कि साझा ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि मांडलगढ़ की पहचान आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब से रही है, जिसे खराब करने की छूट किसी भी असामाजिक तत्व को नहीं मिलनी चाहिए।

