जयपुर में JDA का पीला पंजा: न्यू सांगानेर रोड पर 80 से ज्यादा अवैध निर्माण ध्वस्त, शादी वाले मैरिज गार्डन की सजावट भी हटाई
जयपुर / राजस्थान
जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर बुधवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) का बुलडोजर जमकर गरजा। हाईकोर्ट के सख्त आदेशों की पालना करते हुए JDA ने अतिक्रमणकारियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गुर्जर की थड़ी के पास मेट्रो पिलर-84 से सोडाला तिराहे की ओर पिलर-107 तक करीब 800 मीटर के दायरे में की गई इस कार्रवाई के दौरान 80 से ज्यादा मकानों और दुकानों के अवैध हिस्सों को ढाह दिया गया।
100 फीट सड़क सीमा में आ रहे थे निर्माण
प्रशासन के अनुसार, न्यू सांगानेर रोड की निर्धारित चौड़ाई 100 फीट है, लेकिन अवैध कब्जों और निर्माणों के चलते यह सिमटकर महज 40 से 60 फीट तक ही रह गई थी, जिससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। बुधवार को चली इस कार्रवाई में सड़क सीमा के दायरे में आ रहे होटल, मैरिज गार्डन, अस्पताल, मकान और दुकानों के रैम्प, रेलिंग, टिनशेड, सीढ़ियां, बाउंड्री वॉल और अगले हिस्सों को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया। इस दौरान प्रसिद्ध 'होटल लजीज' के आगे के अवैध हिस्से को भी ध्वस्त किया गया।
शादी वाले मैरिज गार्डन में भी नहीं मिली राहत
कार्रवाई के दौरान सबसे दर्दनाक तस्वीर कलकत्ता मैरिज गार्डन की देखने को मिली, जहां बुधवार को ही शादी होनी थी और जोधपुर से बारात आनी थी। ऐन शादी के दिन जेडीए की कार्रवाई पहुँचने से हड़कंप मच गया। प्रशासन ने गार्डन के बाहर लगे डेकोरेशन गेट और सजावट को भी हटा दिया। दुल्हन के माता-पिता और परिजनों ने गुहार लगाई, लेकिन तयशुदा आदेश के चलते राहत नहीं मिल सकी, जिससे परिवार में काफी मायूसी छाई रही।
'जीवनभर की पूंजी से बनाया था आशियाना'
जेडीए की इस सख्त कार्रवाई का स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने कड़ा विरोध किया। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों और पुलिस के बीच तीखी धक्का-मुक्की भी हुई। लोगों ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया। अपने सामने आशियानों को उजड़ते देख कई महिलाएं भावुक होकर रो पड़ीं। एक पीड़ित महिला ने फफकते हुए कहा, "हमने अपनी जीवनभर की पाई-पाई जोड़कर यह मकान बनाया था, जिसे एक झटके में तोड़ दिया गया।"
2.4 किलोमीटर दायरे में हटने हैं 260 अवैध निर्माण
JDA अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह इस अभियान का दूसरा फेज था। इससे पहले गत 5 अक्टूबर को पहले फेज के तहत गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक करीब 700 मीटर के क्षेत्र में 50 मकान-दुकानों के अवैध निर्माण हटाए गए थे।
बता दें कि गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक कुल 2.4 किलोमीटर के दायरे में आने वाले लगभग 260 अवैध निर्माणों को हटाया जाना है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं सड़क के चौड़ा होने से भविष्य में आम जनता को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

