अब ग्रेन एटीएम मशीन से मिलेगा, नेशनल फ़ूड सिक्योरिटी एक्ट से जुड़े परिवारों को राशन
जयपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) :राजस्थान प्रदेश में नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट से जुड़े परिवारों को अब राशन की दुकानों पर लाइन में घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार आने वाले कुछ महीनों में एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है, जिसके तहत जयपुर, बीकानेर और भरतपुर जिलों में ग्रेन एटीएम (अनाज एटीएम) लगाए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी अनुसार उक्त एटीएम के माध्यम से NFSA से जुड़े लोग अपने कोटे का गेंहू किसी भी समय प्राप्त कर सकेंगे। बैंक एटीएम जिस तरह 24 घंटे चालू रहते हैं वैसे ही यह अनाज एटीएम भी दिन-रात सुविधा देंगे जिससे लोगों को राशन की दुकानों पर लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सूत्रों के अनुसार, उड़ीसा में यह सिस्टम पहले ही शुरू हो चुका है तथा वहां चावल का वितरण बायोमेट्रिक तकनीक से लैस ग्रेन एटीएम के जरिए किया जाता है।
प्राप्त जानकारी अनुसार लाभार्थी को मशीन पर फिंगरप्रिंट देने मात्र से उसकी पहचान हो जाती है और कोटे के अनुसार अनाज मिल जाता है। मशीन स्क्रीन पर लाभार्थी को मिलने वाले अनाज और वजन की जानकारी भी दिखती है। वर्तमान में प्रदेश में NFSA सूची से 4 करोड़ 35 लाख 49,571 लोग जुड़े हैं। सरकार के गिवअप अभियान में अब तक 81 लाख लोग सूची से बाहर हो चुके हैं जबकि 72,78,723 नए पात्र लाभार्थियों को शामिल किया गया है।


