सोयला के सदगुरु कबीर आश्रम में तीन दिवसीय पाटोत्सव महोत्सव 18 नवंबर से, देशभर से जुटेंगे संत-महंत व श्रद्धालु
बावड़ी / जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)
बावड़ी क्षेत्र के सोयला कस्बे स्थित सदगुरु कबीर आश्रम में सदगुरु भोलाराम महाराज मंदिर एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के तृतीय वर्ष पाटोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 18 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस महाआयोजन में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से संत-महंत और हजारों श्रद्धालु शिरकत करेंगे।
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचेंगे श्रद्धालु:
यह संपूर्ण आयोजन स्वामी माधवदास महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। महोत्सव में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ विभिन्न आश्रमों के प्रमुख संत-महंत शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि इस पाटोत्सव में भाग लेने के लिए राजस्थान के अलावा गुजरात, चेन्नई और पंजाब सहित देश के कई अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोयला पहुंचेंगे।
तीन दिनों तक गूंजेगी गुरु महिमा और सत्संग की वाणी:
आश्रम के संत भिवदास महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि पाटोत्सव को लेकर आश्रम परिसर में जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इन तीन दिनों के दौरान संतों के सानिध्य में प्रतिदिन सुबह से शाम तक सोमरान ध्यान पाठ, गुरु महिमा, संध्या आरती, भव्य सत्संग और अमृत प्रवचन सहित कई धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को विभिन्न संतों के मुखारविंद से आध्यात्मिक ज्ञान और सत्संग का लाभ प्राप्त होगा।

