भरतपुर में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को, मास्टर आदित्येन्द्र स्कूल में पुख्ता तैयारियां

Nov 18, 2026 - 18:15
 0
भरतपुर में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को, मास्टर आदित्येन्द्र स्कूल में पुख्ता तैयारियां

भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय 

भरतपुर में पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य निर्वाचन-2026 के तहत डाले गए वोटों की गिनती का इंतजार अब खत्म होने वाला है। आगामी 20 नवंबर को मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतगणना का कार्य संपन्न होगा। मतगणना को पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में बुधवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा ने मतगणना स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

मतगणना स्थल पर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने मीडिया केंद्र, सुचारू पार्किंग व्यवस्था, मतगणना कक्षों में पर्याप्त रोशनी, कंप्यूटर व निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी, वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, शुद्ध पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर रस्सियां लगाई जाएं और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस दौरान एसीपी डीओआईटी पुष्पेन्द्र कुन्तल, पीडब्ल्यूडी के योगेश, चुनाव शाखा से हेमन्त शर्मा व चन्द्रशेखर सहित अन्य प्रमुख कार्मिक उपस्थित रहे।

वार्डवार और टेबलों का रहेगा यह विशेष गणित

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना वार्डवार और प्रत्येक वार्ड के लिए निर्धारित एक ही टेबल पर संबंधित कक्ष में होगी। इसके तहत प्रत्येक अभ्यर्थी एक मतगणना अभिकर्ता (काउंटिंग एजेंट) नियुक्त कर सकेगा। वहीं, जिला परिषद सदस्यों की मतगणना भी वार्डवार होगी, लेकिन एक वार्ड के मतों की गिनती संबंधित कक्ष में उपलब्ध सभी टेबलों पर एक साथ की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थी कक्ष में मौजूद कुल टेबलों की संख्या के बराबर एजेंट बना सकेंगे। जिन वार्डों का क्षेत्राधिकार दो अलग-अलग पंचायत समितियों में आता है, वहां की मतगणना संबंधित दोनों समितियों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

107 टेबलों पर होगी 7 पंचायत समितियों के वोटो की गिनती

जिले की 7 पंचायत समितियों के कुल 887 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए कुल 107 टेबलें निर्धारित की गई हैं। किस पंचायत समिति के लिए कितनी टेबल और कौन सा कक्ष तय किया गया है, उसका विवरण इस प्रकार है:

  • वैर: 99 मतदान केंद्र (कक्ष संख्या 8, 10 टेबल)

  • भुसावर: 100 मतदान केंद्र (कक्ष संख्या 5, 10 टेबल)

  • बयाना: 188 मतदान केंद्र (कक्ष संख्या 22 व 23, कुल 24 टेबल यानी 12-12)

  • नदबई: 156 मतदान केंद्र (कक्ष संख्या 25 व 26, कुल 21 टेबल क्रमशः 12 एवं 9)

  • सेवर: 115 मतदान केंद्र (कक्ष संख्या 4, 14 टेबल)

  • उच्चौन: 79 मतदान केंद्र (कक्ष संख्या 13, 9 टेबल)

  • रूपवास: 150 मतदान केंद्र (कक्ष संख्या 1 व 12, कुल 19 टेबल क्रमशः 10 एवं 9)

प्रशासन की इन पुख्ता तैयारियों के बीच 20 नवंबर को होने वाले परिणामों पर सभी प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें टिकी हुई हैं।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................