लक्ष्मणगढ़ में आंवला नवमी के पर्व पर महिलाओं ने आंवला वृक्ष का पूजन कर मांगी परिवार की सुख-समृद्धि, छाया में ग्रहण किया भोजन
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेशा जैन
लक्ष्मणगढ़ कस्बे सहित संपूर्ण उपखंड क्षेत्र में बुधवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन आंवला (अक्षय) नवमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने परंपरागत वेशभूषा में सज-धजकर आंवले के वृक्ष का विधि-विधान से पूजन किया और परिक्रमा लगाकर अपने परिवार की सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।
प्रमुख मंदिरों और उद्यानों में लगा श्रद्धालुओं का तांता
पर्व को लेकर सुबह से ही कस्बे के मंदिरों और उद्यानों में महिलाओं की चहल-पहल रही। जालूकी रोड स्थित बिजली घर प्रांगण के श्री श्री 1008 इच्छापूर्ति शनि धाम मंदिर परिसर में कार्तिक स्नान करने वाली माताओं एवं बहनों ने सामूहिक रूप से आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना की। इसके अतिरिक्त, कठूमर रोड स्थित पुस्तकालय पार्क तथा मालाखेड़ा रोड पर केशवानंद शिक्षण संस्थान स्थित नक्टा हनुमान मंदिर परिसर में भी लगे आंवले के वृक्षों के समक्ष महिलाओं के समूहों ने मंगल गीत गाते हुए पूजा की। इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सम्मान का प्रेरक संदेश भी दिया।
अक्षय पुण्य और मां लक्ष्मी की कृपा का है विशेष महत्व
पर्व के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पंडित लोकेश कुमार ने बताया कि कार्तिक शुक्ल नवमी को अक्षय नवमी कहा जाता है और यह एक स्वयं सिद्ध मुहूर्त है। इस दिन किया गया दान, जप और तप अक्षय फल प्रदान करता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आंवला नवमी पर भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा करने से मां लक्ष्मी अति प्रसन्न होती हैं और घर में खुशहाली आती है।
वृक्ष की छाया में बैठकर किया भोजन ग्रहण
पूजन और परिक्रमा के पश्चात महिलाओं ने परंपरा का निर्वहन करते हुए आंवले के पेड़ की छाया में बैठकर भोजन (प्रसादी) ग्रहण किया और सामर्थ्य अनुसार दान-पुण्य किया। शास्त्रों के अनुसार, इस दिन आंवला वृक्ष की छाया में भोजन करने से समस्त पापों का नाश होता है तथा शरीर निरोगी रहता है। पूरे दिन उपखंड क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।

