11 वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर किया सामूहिक योगाभ्यास
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। आयुर्वेद योग व प्राकृतिक चिकित्सा यूनानी एवं होम्योपैथी आयुष विभाग एवं उपखण्ड प्रशासन, मकराना द्वारा 11 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ब्लॉक स्तरीय समारोह पंचायत समिति परिसर में आयोजित हुआ। प्रातः 6 बजे मकराना के पूर्व विधायक श्री राम भींचर, उपखण्ड अधिकारी अंशुल सिंह बेनीवाल, प्रधान सुमिता भींचर, ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी सत्यप्रकाश नापित ने सर्वप्रथम ऋषि पतंजलि को फोटो पर दीप प्रज्वलित कर 11 वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत की। इसके पश्चात योग गुरु चंद्रकांत दाधीच, उमा चौधरी ने योगाभ्यास कराया। योग गुरु चंद्रकांत दाधीच ने योग प्रार्थना से प्रारंभ करते हुए ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्टासन, उष्टासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन सहित अन्य योग आसन क्रियाएं करवाते हुए उनके लाभ बताए। चंद्रकांत दाधीच ने योग को प्रसन्न रहते हुए योग करने की सिख दी जिससे योग का सही लाभ प्राप्त हो सके। इनके पश्चात योग गुरु उमा चौधरी ने चक्रासन, सरवांग आसान, अर्द्धनासन, मलासन जैसी योग क्रियाएं बताई। इस दौरान योग सहयोगी हिमांशु जांगिड़ ने योग क्रियाओं को किए जाने के सही तरीके को योग करते हुए दिखाया। इस दौरान पूर्व विधायक श्री राम भींचर ने कहा कि प्रतिदिन योगाभ्यास करने से शरीर स्वस्थ रहता है, नित्य रोज सुबह जल्दी उठने की आदत से शरीर पूरे दिन तंदुरुस्त रहता है। निरंतर योग करने से कई जटिल बीमारियों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं सुबह जल्दी उठकर कठिन परिश्रम करते है जिससे शरीर स्वस्थ रहता है। उपखंड अधिकारी अंशुल सिंह बेनीवाल ने नियमित योग करने सहित अपने खान पान पर ध्यान देने की बात कहते हुए कहा कि अत्यधिक मीठा और नमक नहीं खाना चाहिए। अधिक शक्कर और नमक के सेवन से कई बीमारियां जन्म लेती है। इस दौरान तहसीलदार महेंद्र सिंह मुवाल, पुलिस उप अधीक्षक भवानी सिंह शेखावत, ब्लॉक स्तर के नोडल अधिकारी डॉक्टर सत्यप्रकाश नापित, नगर परिषद के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अशफाक अहमद, स्वास्थ्य निरीक्षक देवेंद्र सिंह राठौड़, पंचायत समिति के कार्यवाहक विकास अधिकारी शिव शंकर पारीक, राउमावि के प्रधानाचार्य दुर्गा प्रसाद व्यास, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर राजबाला शर्मा, गजेंद्र सिंह शेखावत, डॉ शालिग राम पुनिया, पार्षदगण, विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं बैंककर्मी, शिक्षकगण, चिकित्सा कर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, स्काउट एंड गाइड सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे।