तेरापंथ महिला मंडल रेलमगरा का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न: शपथ के साथ सुपथ जरूरी — मुनि प्रकाश कुमार
रेलमगरा (पप्पूलाल कीर) तेरापंथ महिला मंडल, रेलमगरा का शपथ ग्रहण समारोह एक अत्यंत आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम आचार्य श्री महाश्रमण जी की आज्ञानुवर्ती त्रयी—मुनि श्री संजय कुमार जी, मुनि श्री प्रकाश कुमार जी एवं मुनि श्री सिद्ध प्रज्ञ जी—के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल की नवगठित टीम द्वारा मंगलाचरण से किया गया।
इस अवसर पर रेलमगरा की सरपंच श्रीमती आशा जाट ने महिला मंडल को शपथ दिलाई और कहा, "जैन समाज दया, अहिंसा, प्रेम और परोपकार की जीवंत मिसाल है। यहां आकर आत्मिक शांति व प्रसन्नता का अनुभव होता है। मैं आगे भी ऐसे आयोजनों में सम्मिलित होती रहूंगी।"
मुनि श्री संजय कुमार जी ने अपने प्रवचन में कहा, तेरापंथ की महिला शक्ति जागरूक, संस्कारित और समाजोपयोगी है। आप सभी धर्म प्रभावना की अग्रदूत बनें।" मुनि श्री प्रकाश कुमार जी ने संगठनात्मक अनुशासन, आचार्य आज्ञा और समर्पण भाव पर बल देते हुए कहा, शपथ तभी सार्थक है जब वह सुपथ का मार्ग दिखाए वहीं मुनि श्री सिद्ध प्रज्ञ जी ने महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा,
आप आत्मिक उत्थान के साथ-साथ समाज में नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।" महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती शांता सोनी एवं पूर्व अध्यक्ष श्रीमती स्नेह लता ने अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।
सभा अध्यक्ष मुकेश मेहता ने कन्या मंडल को शपथ दिलाई और युवाओं की सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम में महिला मंडल की पूर्व मंत्री श्रीमती कल्पना लोढ़ा ने सुंदर मंच संचालन किया। कार्यक्रम के अंत में महिला मंडल की ओर से यह संकल्प लिया गया कि वे संघ, समाज एवं साधु-साध्वीवृंद की आज्ञा में रहकर सतत धर्मसेवा करती रहेंगी। इस दौरान तेरापंथ सभा , तेरापंथ युवक परिषद , तेरापंथ महिला मंडल से रीना लोढ़ा , मंजू लोढ़ा ,वर्षा मेहता , निर्मला मेहता , चंचल देवी मेहता , मुन्ना देवी सेठिया , प्रेम देवी टिकुलिया , लक्षिता लोढ़ा , सुरभि सेठिया , काव्य मेहता , विधि टुकलिया , सदा मेहता आदि उपस्थित रहे ।

