अलवर जिले के नए एसपी सुधीर चौधरी ने संभाला कार्यभार,अपराधियों पर सख्त कार्यवाही की बात दोहराई
साइबर क्राइम ब्रांच में रह चुके; सुधीर चौधरी बोले- फेक अकाउंट-सिम से ठगी पर होगा एक्शन
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के नए पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्हें पुलिस बल की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर शहर के सभी थाना प्रभारी व अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सुधीर चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता लाई जाएगी और आमजन को न्याय दिलाने के लिए तत्परता से कार्य किया जाएगा। एसपी चौधरी ने टीमवर्क पर जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलकर काम करना होगा ताकि जिले को अपराधमुक्त बनाया जा सके।
एसपी सुधीर चौधरी ने कहा कि अलवर से हरियाणा का बॉर्डर लगता है। हम सब अधिकारियों से कॉर्डिनेशन कर एक्शन लिया जाएगा। मुझे साइबर क्राइम ब्रांच में काम करने का मौका मिला है। साइबर क्राइम में फेक अकाउंट व सिम के जरिए होने वाली ठगी को रोकने का प्रयास रहेगा। साइबर क्राइम ब्रांच में रहे हैं। अभी आश्वास्त करता हूं कि भविष्य में अच्छी कार्यवाही होगी। आने वाले दिनों में अच्छा काम करेंगे। अलवर जिले में मौजूदा नफरी में बेहतर काम करेंगे। पर्याप्त नफरी जुटाने का प्रयास रहेगा।
तकनीकी रूप से पुलिस बल को भी सशक्त किया जाएगा
एसपी चौधरी ने बताया कि साइबर अपराधों पर रोकथाम के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी। आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ तकनीकी रूप से पुलिस बल को भी सशक्त किया जाएगा। उन्होंने टीमवर्क पर बल देते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मचारी मिलकर कार्य करें, ताकि जिले को अपराधमुक्त बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने पुलिस के स्वास्थ्य को लेकर भी सजगता दिखाई, जिससे पुलिस बल में नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।