त्योहारों के पर्व पर पीड़ितों को मिला सहारा: समृद्ध भारत अभियान ने दी राशन किट, बिस्तर, कपड़े और नकद सहायता
हलैना (विष्णु मित्तल):
त्योहारों के इस पावन अवसर पर महुआ गांव के अग्नि पीड़ित परिवारों के जीवन में उस समय खुशियों की रोशनी लौट आई, जब समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता की पहल पर उन्हें आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। राहत सामग्री पाते ही पीड़ित परिवारों के सदस्यों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।
अग्निकांड में हुआ था भारी नुकसान: संस्था के मुख्य हेड पुनीत गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 26 अक्टूबर को महुआ गांव निवासी प्रमोद कुमार (पुत्र विश्वम्भर नट), कोतवाल (पुत्र भीम सिंह नट) और बेवा हेमादेवी (पत्नी स्व. सुन्दर सिंह नट) के कच्चे-पक्के घरों में भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में उनका भारी नुकसान हुआ था, वहीं हेमादेवी, प्रेमो देवी और कुलदीप आग की लपटों की चपेट में आने से मामूली रूप से झुलस गए थे।
राशन, कपड़े और इलाज के लिए नकद राशि सौंपी: पीड़ितों की इस विपदा में मदद का हाथ बढ़ाते हुए संस्था के मुख्य हेड पुनीत गुप्ता एवं स्थानीय समाजसेवी रज्जन सिंह महुआ ने पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर राहत सामग्री सौंपी। इस मदद के तहत परिवारों को राशन किट, नए कपड़े, बिस्तर और अन्य आवश्यक सामान दिया गया, साथ ही झुलसे हुए लोगों के इलाज के लिए नकद आर्थिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई।
6 महीने में लगातार दूसरी बार पहुंचाई मदद: गांव के समाजसेवी रज्जन सिंह महुआ ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता और मुख्य हेड पुनीत गुप्ता ने पिछले 6 महीने के भीतर लगातार दूसरी बार इन पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री पहुंचाकर एक मिसाल कायम की है।
इस अवसर पर अनिल गर्ग, विष्णु मित्तल, मंगतू सिंह, देवेन्द्र सिंह, भरत सिंह, बेन्दू सिंह, सचिन सहित गांव के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। ग्रामीणों ने समृद्ध भारत अभियान की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

