महुवा में प्रशासन की सख्त कार्रवाई: भरतपुर रोड से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, जेसीबी की मदद से हटाया गया कबाड़ और निर्माण सामग्री
महुवा (अवधेश अवस्थी)
त्योहारों के सीजन में आमजन को जाम से मुक्ति दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नगर पालिका महुवा का अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा शहर के व्यस्ततम भरतपुर रोड पर सघन अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
बैरिकेटिंग के बाहर फैलाया गया सामान हुआ जब्त अधिशाषी अधिकारी (EO) राजेश मीना के निर्देशों के अनुसार, टीम ने भरतपुर रोड पर संचालित बिल्डिंग मैटेरियल, कबाड़ी की दुकानों और टायर विक्रेताओं द्वारा नाले व लोहे के पोल की बैरिकेटिंग से बाहर किए गए अवैध कब्जों और अस्थायी अतिक्रमण को सख्ती से हटाया। जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क किनारे रखे निर्माण सामग्री, पुराने टायर और कबाड़ के सामान को हटवाकर मार्ग को सुगम बनाया गया।
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त मुस्तैदी यह प्रभावी कार्रवाई महुवा थाना प्रभारी (CI) महेंद्र यादव और कनिष्ठ अभियंता पृथ्वीराज गुर्जर के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान अतिक्रमण प्रभारी अरुण सिंह चौहान, सफाई निरीक्षक रामलखन गुर्जर, SBM अभियंता हेमराज बैरवा, विजेंद्र मीना, महेश कुमार, राकेश मीना, रशीद, अजय सहित पूरी नगर पालिका टीम ने मुस्तैदी दिखाई।
दुकानदारों को दी गई कड़ी चेतावनी कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी संबंधित दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी कि वे अपनी सीमा और निर्धारित बैरिकेटिंग से बाहर किसी भी प्रकार का सामान न रखें।
दीपावली तक जारी रहेगा अभियान अधिशाषी अधिकारी राजेश मीना ने स्पष्ट किया है कि आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए बाजारों में सुगम यातायात, साफ-सफाई और आमजन की सुविधा सर्वोपरि है। इसके तहत अतिक्रमण के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

