बावड़ी में पंचायती राज चुनाव पर पुलिस की 'बाज' नजर: उड़ते ड्रोन कैमरों से मतदान केंद्रों की हाईटेक निगरानी
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा
पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत बावड़ी और आसपास के क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान संपन्न कराने के लिए जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था में अत्याधुनिक और हाईटेक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।
ड्रोन से रखी जा रही चप्पे-चप्पे पर नजर जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज यादव के सख्त निर्देशों के तहत जिले के पीपाड़, बिलाड़ा, ओसियां, बावड़ी, बोरुंदा और भोपालगढ़ क्षेत्रों में विशेष ड्रोन टीमों को तैनात किया गया है। बावड़ी क्षेत्र में खेड़ापा थाना प्रभारी (CI) लाखाराम जाखड़ के नेतृत्व में खेड़ापा मतदान केंद्र और आसपास के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन उड़ाकर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया गया।
हाई-रेजोल्यूशन कैमरों से पैनी निगरानी निगरानी में इस्तेमाल किए जा रहे इन ड्रोन कैमरों में बेहद उच्च गुणवत्ता (High Resolution) वाले कैमरे लगे हैं। इनकी मदद से जमीन पर होने वाली छोटी से छोटी संदिग्ध हलचल को भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। पुलिस का मानना है कि इस हाईटेक निगरानी से असमाजिक तत्वों पर नकेल कसने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने में त्वरित सहायता मिलेगी।
आज मतदान के दिन भी रहेगा कड़ा पहरा पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आज मतदान दिवस के दौरान भी लगातार ड्रोन के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की इस मुस्तैदी का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में सुरक्षा और विश्वास का माहौल पैदा करना है, ताकि प्रत्येक नागरिक बिना किसी डर, दबाव या प्रभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

