दौसा में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का रण कल: 6 पंचायत समितियों में 3.73 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, मतदान दल हुए रवाना

Oct 27, 2026 - 19:33
 0
दौसा में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का रण कल: 6 पंचायत समितियों में 3.73 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, मतदान दल हुए रवाना

दौसा (अवधेश अवस्थी)

दौसा जिले में पंचायत आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण का मतदान कल यानी 28 अक्टूबर को संपन्न होगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को पंडित नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से अंतिम प्रशिक्षण के बाद तमाम मतदान दल आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए।

इन क्षेत्रों में होगा मतदान द्वितीय चरण के तहत बैजूपाड़ा, बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर खेड़ला—इन छह पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनाव आयोजित हो रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि इस चरण में जिला परिषद के 13 वार्डों (वार्ड 24 से 36) और पंचायत समिति के 98 वार्डों के लिए मतदान होगा।

3 लाख 73 हजार से अधिक मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला इन छह पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 3,73,482 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1,97,178 पुरुष और 1,76,304 महिलाएं शामिल हैं। मतदान का समय प्रातः 7:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक रहेगा, जो ईवीएम के माध्यम से संपन्न होगा। इसके पश्चात आगामी 30 अक्टूबर को इन्हीं क्षेत्रों की 141 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1223 वार्डों में पंच पद के लिए मतपत्रों से मतदान कराया जाएगा।

प्रशासनिक दिग्गजों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा मतदान दलों की रवानगी के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा, निर्वाचन पर्यवेक्षक गोपाल राम बिरदा और पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने व्यवस्थाओं का बारिकी से जायजा लिया। इस दौरान एडीएम अरविंद शर्मा, सीईओ बिरदीचंद गंगवाल, एएसपी शंकरलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराया जाएगा।

पहचान के लिए ये दस्तावेज हैं मान्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) या आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैकल्पिक मूल दस्तावेजों (जैसे आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) में से किसी एक को दिखाना अनिवार्य होगा।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी चुनाव संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। आमजन निर्वाचन पर्यवेक्षक से संपर्क करने के लिए दूरभाष नंबर 01427-294238 या मोबाइल नंबर 7014021914 पर कॉल कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................