जिला कलक्टर ग्रामीण क्षेत्र के दौरे पर: चिकित्सा संस्थानों, जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण कर सालाबाद में की ग्राम स्तरीय जनसुनवाई

समस्या निराकरण के लिये ग्रामीणों को नहीं लगाने पडें चक्कर - जिला कलक्टर

Aug 7, 2025 - 13:01
 0
जिला कलक्टर  ग्रामीण क्षेत्र के दौरे पर:  चिकित्सा संस्थानों, जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण कर सालाबाद में की ग्राम स्तरीय जनसुनवाई
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी गुरूवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने अजान बांध का निरीक्षण कर प्रभावित गांवों के आवागमन, मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उच्चैन व बयाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण एवं सालाबाद में ग्राम स्तरीय जनसुनवाई में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।
भविष्य में मार्ग नहीं हों अवरूद्ध
जिला कलक्टर ने अजान बांध का निरीक्षण कर पानी की आवक एवं डिस्चार्ज के बारे में जानकारी लेकर बांध के भराव क्षेत्र से प्रभावित गांवों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों को नाव आदि की व्यवस्था उपलब्ध कराकर निरन्तर संवाद बनाये रखने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि भविष्य में बांध के डूब क्षेत्र में आ रहे गांवों के नागरिकों को मूलभूत सुविधायें प्रभावित नहीं हो तथा रास्ते अवरुद्ध नही हो इसके लिए जल संसाधन विभाग, विद्युत एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अभी से प्लांनिग करके रखे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के साथ पशुधन एवं जन सुरक्षा के संबंध में समय-समय पर जागरूक करते रहें। 

चिकित्सा संस्थानों में सफाई का रखें ध्यान
जिला कलक्टर ने उच्चैन उपखण्ड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर अस्पताल में साफ सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, केंद्र राज्य सरकार की कल्याणकारी योजना की जानकारी समुचित स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारियों के मध्यनजर अभी से अस्पताल में तैयारी रखें। सभी वार्डों के नियमित सफाई हो, आम लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने वार्डों में भर्ती रोगियों से भी मिलकर हाल-चाल जाने तथा अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रहे सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए मुख्यालय पर ठहराव सुनिश्चित कर आमजन को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करें। 

उन्होंने बयाना सीएचसी का निरीक्षण कर निःशुल्क दवा योेजना में दवाओं की उपलब्धता, जांच योजना में दी जा रही सुविधाओं के बारे में चर्चा कर सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के वार्डों में भर्ती रोगियों से रूबरू होकर चिकित्सा सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रसव सुविधा, टीकाकरण के बारे में आमजन को जानकारी दें। ओपीडी, आईपीडी में दी जा रही सुविधाओं व अन्य विभागीय योजनाओं के बारे में प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने अस्पताल के लिये प्रस्तावित नवीन भवन हेतु भूमि स्थल का भी मौका निरीक्षण किया। उन्होंने वैर उपखण्ड पर माडा योजना के तहत संचालित बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा तथा बालिकाओं के लिये आवास व शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वैर उपखण्ड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता एवं साफ सफाई व्यवस्था को देखा।  

सालाबाद जनसुनवाई में 21 आये परिवाद
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बयाना उपखंड के ग्राम सालाबाद में आयोजित ग्राम स्तरीय जनसुनवाई में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा विभागीय योजनाओं में पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर संबंधित विभागों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 21 परिवाद प्राप्त हुये जिनका संबंधित विभागों से जानकारी लेकर मौके पर निराकरण कराया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को समस्या निराकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पडे, इसके लिए स्थानीय स्तर पर अधिकारी जनसुवाई करते हैं, ग्रामीण इसका अधिक से अधिक लाभ लें। 

राजीव गांधी सेवा केन्द्र सालाबाद में आयोजित जनसुनवाई में गांव नगला भांड और अगावली में पेयजल समस्या को देखते हुये ग्रामीणों ने डीपबोर या पानी की टंकी बनवाने की मांग करने पर उन्होंने जलदाय विभाग के अभियंताओ को मौके पर जाकर आंकलन करने के निर्देश दिये। गांव नगला जाटवान में मर्ज हो चुके पांचवीं तक स्कूल को पुनः शुरू कराने की मांग पर जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये। ग्रामीणों द्वारा सालाबाद, अगावली, नगला भांड, नगला जाटवान, बाजोली और नदीगांव के आम रास्तों में बरसात में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कीचड जमा होने की समस्या बताई। जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत को पानी निकासी कर रास्तों की सफाई करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बरसात से क्षतिग्रस्त सडकों में मोरम आदि डलवाना सुनिश्चित करें। जिला कलक्टर ने उपखण्ड के नगला जलसिंह में जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण कर उन्होंने पानी का स्तर नीचा होने तक आम लोगो को पानी के आसपास नहीं जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी बयाना दीपक मित्तल, विकास अधिकारी नरेन्द्र गुर्जर, बीसीएमओ धर्मेन्द्र चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................