भरतपुर:सडक सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, दुर्घटना संभावित स्थानों पर ऐलीवेटेड रोड़ व फ्लाई-ओवर के लिए प्रस्ताव
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 22 अगस्त। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सडक सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर ऐलीवेटेड रोड़, फ्लाई-ओवर एवं चौराहों पर यातायात लाईट लगाने का प्रस्ताव लिया गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि आकस्मिक दुर्घटनाओं को रोकने के लिये सभी विभाग पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य कर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली सडक दुर्घटनाओं को रोकने के लिये दुर्घटना संभावित चौराहों पर ऐलिवेटेड रोड बनाये जाने के प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने के निर्देश दिये। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-21 स्थित डहरा मोड, ऊँचा नंगला, हलैना पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सारस चौराहा, मेडिकल कॉलेज, इंजिनियरिंग कॉलेज के सामने भी ऐलीवेटेड रोड़ के प्रस्ताव लिये जाये जिससे शहर के विस्तार को देखते हुए भविष्य में दुर्घटनाऐं नहीं हों। उन्होंने मलाह पुलिया से शीशम तिराहे तक सर्विस रोड बनाने हेतु निर्देशित किया जिससे मैरिज गार्डनों पर समारोहों के दौरान होने वाली भीड से यातायात बाधित न हो तथा दुर्घटना की आशंका नहीं रहे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर आवारा पशुओं को पकडकर आसपास की गौशालाओं में पहुॅचाऐं जिससे पशुजनित दुर्घटना रोकी जा सकें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास अस्थाई अतिक्रमण को पुलिस से समन्वय कर नियमित रूप से हटवायें।
जिला कलक्टर ने एनएचआई को राष्ट्रीय राजमार्ग पर घनी आबादी क्षेत्र, अस्पताल, स्कूल व अन्य जनहित स्थानों के साईनेज प्रदर्शित करने के निर्देश दिये। उन्होंने शहर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुपहिया वाहन चालकों को हैलमेट लगाने के लिए प्रेरित करें तथा प्रमुख चौराहों पर वाहनों को खड़ा नहीं होने दें। उन्होंने कहा कि शहर में भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर यातायात लाईट लगाई जाये जिससे जाम की स्थिति नहीं रहे।
उन्होंने सार्वजिनक निर्माण विभाग को जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों के प्रस्ताव तैयार कर आपदा प्रबन्धन विभाग को भिजवाते हुए समय पर मरम्मत करवाने के निर्देश दिये ताकि क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण दुर्घटनाऐं नहीं हों। उन्होंने कंजोली आरओबी एवं रारह आरओबी की मरम्मत कार्य में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आएसआरडीपी को शीघ्र सक्षम स्तर प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिये।
हिट एंड रन मामलों में समय पर मिले सहायता-
जिला कलक्टर ने जिले में हिट एंड रन के मामलों में घायल अथवा मृत्यु के प्रकरणों की समीक्षा कर सरकार द्वारा देय सहायता को समय पर जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी प्रकरणों की सूचना एसएचओ को संबन्धित उपखंड अधिकारी को दी जाये जिससे सरकार के पोर्टल पर सूचना भेजी जा सके। उन्होंने अतिरिक्त कलक्टर शहर को जिले के हिट एंड रन मामलों को पोर्टल पर अपलोड़ करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, अधीक्षण अभियन्ता सानिवि रिद्धीचन्द मीना, जिला परिवहन अधिकारी अभय मुदगल, एनएचआई के पीडी बीएस जोजरा एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।