महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव: महुवा में अग्रवाल नवयुवक संघ और माया देवी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर, 101 से अधिक रक्तदाताओं ने दिखाया उत्साह
महुवा / अवधेश अवस्थी
महुवा में अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन की 5180वीं जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी पावन श्रृंखला के तहत अग्रवाल सेवा सदन में अग्रवाल नवयुवक संघ एवं माया देवी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में उमड़ा युवाओं का जनसैलाब:- मानवता और सेवा के इस महाकुंभ में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वी राजस्थान) रोहित गर्ग टुडियाना वाले, अग्रवाल नवयुवक संघ महुवा के अध्यक्ष पवन गोयल मंडावर वाले, संरक्षक गणपत मंगल निठार वाले, संरक्षक विजय सिंघल सांथा वाले, महामंत्री रोहित अग्रवाल, उपाध्यक्ष रमाकांत बंसल, सौरभ सिंगल, विजेंद्र, नितेश अग्रवाल सहित समस्त कार्यकारिणी के सदस्यों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में कुल 101 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की।
सम्मान समारोह:- रक्तदान महायज्ञ को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं के साथ-साथ माया देवी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. विपिन बंसल को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने महुवा में सामाजिक एकजुटता और सेवा भाव का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है।

