लाखों रुपये खर्च के बावजूद वार्ड नंबर 18 में जगह-जगह गंदगी के ढेर, स्थानीय निवासियों में गहरा रोष
तखतगढ़: (बरकत खान) कस्बे के रामकावास स्थित वार्ड नंबर 18 में नगर पालिका के सफाई दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था के नाम पर हर महीने लाखों रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है, इसके बावजूद वार्ड में कई स्थानों पर कचरे और गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। नतीजतन, नगर पालिका को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रशासनिक दावा केवल कागजों तक ही सीमित रह गया है।
वार्ड में नियमित सफाई न होने के कारण स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। वार्ड नंबर 18 के नवनिर्वाचित पार्षद मनीष परिहार ने बताया कि मुख्य मार्गों और सड़क किनारे जमा कचरे व धूल के कारण स्थिति बेहद खराब है। तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के पीछे उड़ती धूल और कचरे से राहगीरों व दुकानदारों का जीना दूभर हो रहा है।
इसके साथ ही क्षेत्र में बड़े पैमाने पर उगी बबूल की झाड़ियों के कारण विषैले जीव-जंतुओं और सांपों का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे हर समय किसी अनहोनी का डर सताता है। पार्षद ने स्पष्ट किया कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार शिकायतें दर्ज कराने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं।

