राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोयला में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत सांस्कृतिक व शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन
बावड़ी / मिश्रीलाल लखारा
बावड़ी उपखंड के सोयला कस्बे स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में झलका विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रभारी दिनेश एवं विनोद के निर्देशन में आयोजित चार्ट निर्माण, निबंध लेखन, भाषण और स्लोगन प्रतियोगिताओं में करीब 80 विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कलश यात्रा के साथ गूंजे राष्ट्र निर्माण के नारे
प्रतियोगिताओं के पश्चात विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ के सहयोग से उत्साहपूर्ण माहौल में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने "हर भारतीय ने यह ठाना है, 2047 तक देश को विकसित बनाना है" जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से क्षेत्र में विकसित भारत का संदेश प्रसारित किया।
संकल्प और पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या मंजू लता आसोपा ने की। इस अवसर पर समस्त विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने विकसित भारत अभियान को पूर्ण रूप से सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही, विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

