सिरोही : एसपी डॉ. अजय सिंह राठौड़ का बड़ा ऐलान; तस्करों पर लगाम के लिए जल्द जारी होंगे CUG नंबर, पंचायतीराज चुनाव कराना पहली प्राथमिकता
सिरोही /बरकत खां
सिरोही जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अजय सिंह राठौड़ ने कार्यभार संभालने के पहले ही दिन मीडिया से मुखातिब होते हुए अपनी कार्ययोजना और कड़ी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान और आगामी पंचायतीराज चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी।
[मादक पदार्थों की तस्करी पर मिटेगा सिरोही का कलंक] पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसपी डॉ. राठौड़ ने सिरोही जिले पर लगे मादक पदार्थों के केंद्र होने के कलंक को धोने का हुंकार भरा। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस अब बेहद आक्रामक रुख अपनाएगी और तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जाएगी।
[जारी होंगे CUG नंबर, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त] शहरी इलाकों में स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस जल्द ही विशेष CUG (Closed User Group) नंबर सार्वजनिक करेगी।
-
आमजन इन CUG नंबरों पर नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ तथ्यात्मक और पुख्ता जानकारी दे सकेंगे।
-
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के आगे आ सकें।
-
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सख्त कानूनी कार्रवाई को अंजाम देगी।
एसपी ने अंत में जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के इस नासूर को जड़ से खत्म करने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।

