एमजेआरपी यूनिवर्सिटी में 'युवा तरंग 2026' का शानदार आगाज: रैंप पर जलवा और सुरमयी धुनों पर झूमे नवागंतुक विद्यार्थी
'सा रे गा मा पा' फेम कृति शर्मा को मिला 'रूह-ए-मौसिकी सम्मान'; फैशन वॉक और संगीत के साथ हुआ नए सत्र का स्वागत
जयपुर (गिर्राज सौलंकी)
महात्मा ज्योति राव फुले (एमजेआरपी) विश्वविद्यालय के सोडाला परिसर में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित 'युवा तरंग 2026' का बुधवार को अभूतपूर्व उत्साह और उमंग के साथ आगाज हुआ। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, फैशन शो और संगीतमय प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को जोश और उल्लास से भर दिया।
रैंप पर दिखा विद्यार्थियों का टैलेंट और कॉन्फिडेंस
समारोह की शुरुआत आकर्षक फैशन वॉक से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने विविधता भरे परिधानों में रैंप वॉक करते हुए अपनी प्रतिभा, शैली और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के रैंप वॉक और प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
सुरमयी गायकी से बांधा समां, कृति शर्मा सम्मानित
फैशन वॉक के बाद आयोजित संगीतमय संध्या में 'सा रे गा मा पा' फेम प्रसिद्ध गायिका कृति शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरा। कृति शर्मा की एक से बढ़कर एक हिट प्रस्तुतियों पर विद्यार्थी झूम उठे और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
- रूह-ए-मौसिकी सम्मान: इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन निर्मल पंवार ने कृति शर्मा को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'रूह-ए-मौसिकी सम्मान' से सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय प्रशासन पिछले 10 वर्षों से संगीत क्षेत्र की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को यह सम्मान प्रदान कर रहा है।
युवाओं को अनुशासन और सकारात्मकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान संगीत की धुनों पर विद्यार्थियों ने जमकर नृत्य किया और आयोजन का भरपूर आनंद लिया। समारोह को संबोधित करते हुए चेयरपर्सन निर्मल पंवार ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी अंतर्निहित प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रकट करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने नए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

