जैन पत्रकार महासंघ ने किए महातीर्थ चंद्रगिरि डोंगरगढ़ में आचार्य श्री की समाधि स्थल के दर्शन

Oct 5, 2026 - 18:20
 0
जैन पत्रकार महासंघ ने किए महातीर्थ चंद्रगिरि डोंगरगढ़ में आचार्य श्री की समाधि स्थल के दर्शन

जयपुर/डोंगरगढ़ (कमलेश जैन)

रायपुर में राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन-2026 के सफलतापूर्वक संपन्न होने के पश्चात, जैन पत्रकार महासंघ का यात्रा दल परम संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के समाधि स्थल—दिगंबर जैन चंद्रगिरि महातीर्थ क्षेत्र, डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़) पहुंचा। राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया (जयपुर) के नेतृत्व में पहुंचे इस यात्रा दल का क्षेत्र कमेटी की ओर से भव्य स्वागत किया गया।

अभिषेक, शांतिधारा और समाधि स्थल का अवलोकन

यात्रा दल को अग्रसेन धाम रायपुर से डोंगरगढ़ के लिए रवाना किया गया था। चंद्रगिरि पहुंचने पर क्षेत्र के अध्यक्ष सेठ किशोर जैन और महामंत्री निर्मल जैन ने पत्रकारों का अभिनंदन किया। आचार्य श्री की धर्म प्रभावक शिष्या आर्यिका श्री शैलमती माताजी व उधरमती माताजी ससंघ के सानिध्य और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन महावीर (सनावद) के निर्देशन में आचार्य श्री के चरणों का अभिषेक किया गया। इसके बाद शांतिधारा, शांति विधान और संगीत के साथ आचार्य श्री की सामूहिक भक्ति की गई।

ट्रस्ट अध्यक्ष किशोर जैन ने पत्रकारों को आचार्य श्री के कक्ष, सभा स्थल, चर्या स्थल, संल्लेखना कक्ष और निर्माणाधीन समाधि स्थल के दर्शन कराए। इसके अलावा पत्रकारों ने प्रतिभास्थली और गौशाला का भी अवलोकन किया।

यह सदी आचार्य श्री के नाम से जानी जाएगी

सम्मान सभा के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन महावीर ने कहा कि संपूर्ण राष्ट्र और विश्व पर आचार्य श्री के असीम उपकार हैं। उन्होंने 'इंडिया' को 'भारत' बोलने, हिंसा के स्थान पर अहिंसा का संदेश देने, शिक्षा नीति में सुधार, हथकरघा और गौशालाओं को प्रोत्साहन देने जैसे ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली यह सदी आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के नाम से जानी जाएगी।

राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने आचार्य श्री के राष्ट्रीय कार्यों को घर-घर पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने का आह्वान किया और डोंगरगढ़ में ही देशभर के पत्रकारों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। ट्रस्ट कमेटी की ओर से सभी पत्रकारों को प्रतीक चिन्ह, माला और तिलक भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रचार मंत्री महेंद्र बैराठी, श्रेयांश कुमार जैन, सेठ भरत जैन घुवारा, डॉ. कल्पना जैन (नोएडा), डॉ. मनीष जैन (उदयपुर), सुधीर जैन विद्यार्थी (दमोह) सहित देश के कई राज्यों से आए प्रतिष्ठित पत्रकार उपस्थित रहे। अंत में ट्रस्ट के महामंत्री निर्मल जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं चंद्रगिरि पहुंचकर आचार्य श्री से राष्ट्रीय मुद्दों पर परामर्श लिया था।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................