सिरोही के नए एसपी डॉ. अजय सिंह का कड़ा एक्शन: कार्यभार संभालते ही कोतवाली थाने का किया औचक निरीक्षण, शहर में निकाला फ्लैग मार्च
सिरोही / बरकत खां
सिरोही जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अजय सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही अपनी कार्यशैली से कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार शाम को उन्होंने सिरोही कोतवाली थाने का औचक निरीक्षण किया और शहर की कानून व सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
[थाने के हर कोने की परखी कार्यप्रणाली] निरीक्षण के दौरान एसपी डॉ. अजय सिंह ने कोतवाली परिसर का जायजा लेते हुए मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, हवालात और पुलिस मैस का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को परखा और थाना स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
-
लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
-
थाने की साफ-सफाई व्यवस्था को हमेशा बेहतर रखा जाए।
-
आमजन की सुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि थाने आने वाले हर पीड़ित को त्वरित न्याय मिल सके।
[शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च] थाने के निरीक्षण के बाद अपराधियों में भय पैदा करने और आमजन में सुरक्षा का पुख्ता विश्वास जगाने के उद्देश्य से सिरोही पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला।
यह फ्लैग मार्च कोतवाली थाने से रवाना होकर शहर के व्यस्ततम मार्गों— जैसे पैलेस रोड, सदर बाजार और सरजावाव दरवाजा सहित प्रमुख चौराहों से गुजरा। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नरेंद्र कुमार, कोतवाली थानाधिकारी कैलाशदान, एएसआई सचेंद्र रतनू सहित भारी पुलिस बल और कई अधिकारी मौजूद रहे। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

