महुवा विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज चुनाव का शंखनाद: विधायक राजेंद्र मीणा के सानिध्य में चार मंडलों में हुई संगठनात्मक बैठकें
महुवा (अवधेश अवस्थी)
महुवा विधानसभा क्षेत्र में आगामी पंचायती राज चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार, 06 अक्टूबर को महुवा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक राजेंद्र मीणा के नेतृत्व और सानिध्य में आयोजित इन बैठकों में जिला संगठन प्रभारी प्रवेंद्र शर्मा और पंचायती राज चुनाव जिला संयोजक डॉ. सोमेश विजय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मंडलवार बैठकों का क्रम और कार्यक्रम
विभिन्न मंडलों में तय समय के अनुसार आयोजित बैठकों का विवरण इस प्रकार रहा:
-
मंडल खेड़ला: प्रातः 09:00 बजे जनता दरबार कार्यालय, मनोहरपुर (पंचायत समिति मनोहरपुर-खेड़ला)।
-
मंडल महुवा देहात: प्रातः 10:30 बजे राधे रानी मैरिज गार्डन, महुवा (पंचायत समिति महुवा)।
-
मंडल बैजूपाड़ा: दोपहर 12:30 बजे दानाजी मंदिर, बैजूपाड़ा (पंचायत समिति बैजूपाड़ा)।
-
मंडल मंडावर: दोपहर 02:00 बजे पंचायती धर्मशाला, मंडावर (भाजपा मंडावर मंडल)।
चुनाव लड़ने वाले दावेदारों से लिए गए बायोडाटा
इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य बूथ व पंचायत स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और आमजन के महत्वपूर्ण सुझावों पर विचार-विमर्श करना रहा। बैठकों के दौरान जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों पर पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से बायोडाटा प्राप्त किए गए। साथ ही, आगामी चुनावों के लिए मजबूत रणनीति तैयार करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और संगठनात्मक मजबूती के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गणमान्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही भारी मौजूदगी
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भगवान सहाय तिवारी, खेड़ला अध्यक्ष राजबहादुर गुर्जर, धारा सिंह पीपलखेड़ा, जगदेव प्रजापत, महिपाल सिंह, डालचंद शर्मा, कुलदीप सिंह राजपूत, मुकेश मीणा, ममता सैनी, सत्यनारायण पालीवाल, भामाशाह केदार मीणा, सुभुदी मीणा (पंचायत समिति महुवा संयोजक), विशंभर बांसड़ा, नवीन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष विनीत बंसल, विमल जैन, सत्यनारायण शर्मा, योगेश शास्त्री, मीडिया प्रभारी अवधेश सहित बड़ी संख्या में मंडल के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में समर्पित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

