विश्व डाक दिवस और राष्ट्रीय डाक सप्ताह: कल खैरथल में निकलेगी डाक जागरूकता रैली, विभाग की आधुनिक सेवाओं से कराएंगे अवगत
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
विश्व डाक दिवस एवं राष्ट्रीय डाक सप्ताह के उल्लासपूर्ण आयोजनों के तहत शुक्रवार को डाक विभाग की ओर से खैरथल शहर में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को डाक विभाग की पारंपरिक और आधुनिक जनोपयोगी सेवाओं के साथ-साथ उनकी उपयोगिता के प्रति जागरूक करना है।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रैली
प्रवर अधीक्षक, अलवर मंडल के मार्गदर्शन में यह जागरूकता रैली आनंद नगर स्थित खैरथल मुख्य डाकघर से पूरी भव्यता के साथ आरंभ होगी। यहाँ से रवाना होकर यह रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए प्रमुख आकर्षण केंद्रों—हेमू कालानी चौक, रेलवे फाटक और अग्रसेन सर्कल तक पहुँचेगी। इन रास्तों का भ्रमण करने के पश्चात रैली वापस मुख्य डाकघर पर लौटकर संपन्न होगी।
विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी रहेंगे मौजूद
इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए डाक विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। रैली में प्रवर अधीक्षक (अलवर मंडल), सहायक अधीक्षक (दक्षिण मंडल), उपडाकपाल, सहायक डाकपाल, पोस्टमैन, कार्यालय सहायक, शाखा डाकपाल और डाक वाहक समेत विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी बढ़-चढ़कर शिरकत करेंगे।
रैली के माध्यम से विभाग द्वारा आम जनता को डाक सेवाओं में आए आधुनिक बदलावों और विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन जनहितकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें।

