उदयपुरवाटी में 11 से 20 अक्टूबर तक सजेगा विराट दुर्गा पूजा महोत्सव: कस्बे में पहली बार गूंजेगी भक्तमाल की कथा
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)
कस्बे के बस स्टैंड स्थित अग्रसेन विश्राम गृह में आगामी 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक विराट दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाने वाला है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
पहली बार होगी भक्तमाल की कथा
ओम शिव कावड़िया मंडली के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि कस्बे में पहली बार पूज्य गणेश दास जी महाराज के पावन मुखारविंद से संगीतमय 'भक्तमाल की कथा एवं प्रवचन' का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे आरती होगी। इसके पश्चात शाम 7:00 बजे से 9:00 बजे तक भक्तमाल कथा एवं प्रवचन का लाभ श्रद्धालु ले सकेंगे। वहीं, रात्रि 9:00 बजे आरती के बाद 9:30 बजे से 10:00 बजे तक डांडिया और गरबा का भव्य आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
महोत्सव को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजकों की ओर से लगातार बैठकें की जा रही हैं। हाल ही में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में ताराचंद मित्तल, सुशील शाह, विक्रम सैनी, महेश मूनका, कृष्ण कुमार शाह, जितेंद्र शाह, और महेश शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर चर्चा की।

