पंचायत चुनाव: कांग्रेस की अहम बैठक 9 अक्टूबर को, इच्छुक उम्मीदवारों से लिए जाएंगे आवेदन
तखतगढ़/सुमेरपुर (बरकत खान) आगामी पंचायतीराज चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। चुनाव रणनीति तय करने और उम्मीदवारों के चयन को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में चुनावी दावेदारी जताने वाले इच्छुक उम्मीदवारों से सीधे आवेदन पत्र लिए जाएंगे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा ने बताया कि यह बैठक 9 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक पालड़ी जोड़ स्थित श्रीजी फार्म हाउस में होगी। बैठक में मुख्य रूप से सुमेरपुर विधानसभा प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा सहित क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
पावा ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और प्रत्येक वार्ड व पंचायत में जिताऊ प्रत्याशियों का चयन करना है। उन्होंने समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से समय पर पहुंचकर अपना आवेदन जमा करवाने और बैठक को सफल बनाने का आह्वान किया है।

