भीलवाड़ा के गुरला क्षेत्र में शिक्षा को प्रोत्साहन: भामाशाह के सहयोग से ढोसर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मिले आई-कार्ड व पोशाक सामग्री
गुरला / बद्री लाल माली
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ढोसर में सामाजिक सरोकार के तहत एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के प्रमुख भामाशाह बंशीलाल जी सोनी की ओर से विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को डिजिटल परिचय पत्र (आई-कार्ड), बेल्ट, टाई एवं स्कार्फ भेंट किए गए।
शिक्षा ही समाज की उन्नति का मुख्य आधार: भामाशाह
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भामाशाह श्री बंशीलाल सोनी ने कहा कि शिक्षा ही समाज की उन्नति का मुख्य आधार है। विद्यार्थियों को संसाधनयुक्त माहौल उपलब्ध कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग देना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
विद्यालय परिवार एवं प्रधानाचार्य दिलीप सिंह जी चुण्डावत ने भामाशाह का आभार व्यक्त करते हुए उनकी इस जनहितैषी पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। भामाशाह प्रेरक विनोद बूलीवाल ने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ता है और विद्यालय में अनुशासन की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

