मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य का संदेश: भीलवाड़ा में डॉक्टरों और साइकिलिस्टों ने निकाली विशाल साइकिल रैली
भीलवाड़ा / राजकुमार गोयल : मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को 'साइकिल अभियान ग्रुप' की ओर से एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सकों और साइकिल चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और नियमित व्यायाम अपनाने का संदेश दिया।
स्टेशन चौराहे से शुरू होकर अस्पताल परिसर में संपन्न हुई रैली
रैली को मनोचिकित्सक डॉ. प्रियंक जैन, डॉ. दुष्यंत शर्मा एवं डॉ. राजेश छापरवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्टेशन चौराहा स्थित सिटी कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर साइकिल सवारों ने तनावमुक्त जीवन और फिटनेस का संदेश दिया।
साइकिलिंग से मानसिक स्वास्थ्य भी रहता है बेहतर: विशेषज्ञ
इस अवसर पर डॉ. प्रियंक जैन, डॉ. चंद्रभान चंचलानी, डॉ. मिनी शर्मा व डॉ. राजेश छापरवाल ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए कुछ समय जरूर निकालना चाहिए। लगातार बढ़ रहा तनाव सेहत के लिए खतरनाक है, जिसे नियमित साइकिलिंग और व्यायाम के जरिए कम किया जा सकता है। साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने “साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य बनाओ, पर्यावरण बचाओ” के नारे के साथ लोगों को दैनिक जीवन में साइकिल को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन में ये रहे मौजूद
इस जन-जागरूकता रैली में राकेश सक्सेना, सुरेश बंब, डॉ. कुलदीप नाथावत, डॉ. दिनेश बैरवा, डॉ. विवेक, डॉ. प्रशांत आगाल, डॉ. अंकुर गुप्ता, डॉ. हेमंत, डॉ. किशोर, रतनलाल छीपा, निर्मल व्यास, राजकुमार अजमेरा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और साइकिलिस्ट उपस्थित रहे।

