70 किमी दूर जाकर बचाई अनजान महिला की जान, सुनकई निवासी होतम सिंह मीणा और हेमंत ने किया रक्तदान
ब्लड डोनर बने मसीहा, परिजनों की आंखों में छलक आई खुशी
धौलपुर(नाहरसिंह मीणा) सैंपऊ तहसील के ग्राम घड़ी चटोला निवासी प्रशांत गौड़ की पत्नी भावना गौड़ की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें राजकीय चिकित्सालय धौलपुर में भर्ती कराया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि मरीज के शरीर में केवल 4 पॉइंट ब्लड शेष है और तुरंत 2 यूनिट O+ ब्लड चढ़ाना आवश्यक है।
परिजनों के सामने समस्या थी कि परिवार में कोई ब्लड डोनर उपलब्ध नहीं था। ऐसे में उन्होंने पत्रकार खेमराज मीणा से संपर्क किया। खेमराज मीणा ने “सोच बदलो, गांव बदलो” टीम के रक्तदान ग्रुप पर मामला साझा किया। संदेश पढ़ते ही साथी पत्रकार नाहर सिंह मीणा सक्रिय हुए और सुनकई निवासी रक्तदाता *होतम सिंह मीणा* को लेकर धौलपुर पहुंचे। वहीं अमरेह निवासी पत्रकार खेमराज मीणा ने अपने छोटे भाई हेमंत को भी ब्लड डोनेट करने भेजा।
दोनों डोनर्स ने मेडिकल कॉलेज धौलपुर पहुंचकर ब्लड डोनेट किया। जैसे ही ब्लड चढ़ाया गया, परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक उठी। परिवारजनों ने दोनों रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
रक्तदाता होतम सिंह मीणा और हेमंत ने बताया कि यह उनका दूसरा ब्लड डोनेशन है। उन्होंने कहा— "मुझे रक्तदान करके हमेशा खुशी मिलती है। इंसान किसी की मदद तभी कर पाता है जब ऊपरवाला उसे अवसर देता है। मेरा मानना है कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। मैं आगे भी जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगे ।"


