तखतगढ़ माइनर नहर में दोबारा ओवरफ्लो; पुलिया में फंसा नीलगाय का बछड़ा और जमा कचरा बने वजह, विभाग ने बहाल किया जल प्रवाह
पाली (बरकत खान) तखतगढ़ माइनर के उम्मेदपुर कस्बे से नवाखेड़ा जाने वाली ग्रेवल सड़क पर स्थित तखतगढ़ माइनर नहर में रविवार सुबह फिर से ओवरफ्लो की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, नहर में एक नीलगाय का बछड़ा मोरू से नवाखेड़ा मार्ग के पुल के नीचे फंस जाने से पानी का प्रवाह रुक गया और नहर का स्तर बढ़कर खेतों में फैल गया। इससे आसपास के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना किसानों ने तुरंत संगम अध्यक्ष शैलाराम कुमावत और जल संसाधन विभाग के कनिष्ठ अभियंता को दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और फंसे हुए बछड़े को बाहर निकालकर जल प्रवाह सामान्य किया।
किसानों ने बताया कि इस स्थान पर नहर की सफाई समय पर नहीं होने और पुलिया में कचरा व पत्थर जमा रहने के कारण जल प्रवाह बार-बार बाधित हो रहा है। इससे नहर का पानी बार-बार ओवरफ्लो होकर खेतों में बहने लगता है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि जब पहली बार नहर में पानी छोड़ा गया था, तब भी इसी जगह पर ओवरफ्लो हुआ था और उस समय जेसीबी मशीन की मदद से कचरा हटाकर सप्लाई बहाल की गई थी। उनका कहना है कि जब तक पुलिया में जमा पत्थर और कचरा पूरी तरह नहीं हटाए जाएंगे, तब तक समस्या बनी रहेगी।
किसानों ने जल संसाधन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में पानी की बर्बादी और खेतों में नुकसान से बचा जा सके।

