भुसावर का वृद्धि अचार स्वादिष्टता व गुणवत्ता में अव्वल, नरेश अग्रवाल को “गोधन अवॉर्ड” से सम्मानित
राष्ट्रीय गोधन समिट-2025 महाकुंभ का सफल समापन
हलैना (विष्णु मित्तल) नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में राष्ट्रीय गौधन महासंघ द्वारा आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय गोधन समिट-2025 महाकुंभ का समापन धूमधाम से हुआ। इस आयोजन में देश के 22 राज्यों से स्वदेशी खाद्य पदार्थों, दैनिक उपयोग की वस्तुओं तथा गौवंश आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।राजस्थान राज्य के भरतपुर सहित विभिन्न जिलों के उत्पाद जैसे अचार- मुरब्बा, शहद, तुलसीमाला, जूट, गजक, कपड़े, देसी घी, मिष्ठान आदि लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।इनमें भुसावर का प्रसिद्ध अचार-मुरब्बा, आनंदस्वरूप मुकेश गजक, वैलारा की तुलसी माला और नैवाडा का शहद दिल्ली व अन्य राज्यों से आए नागरिकों को बेहद पसंद आया।कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय गौधन महासंघ के संयोजक विजय खुराना ने की, जबकि विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक दिनेशचंद मुख्य अतिथि और ऑल इंडिया पूर्व सांसद एसोसिएशन के सचिव प्रदीप गांधी विशिष्ट अतिथि रहे।भरतपुर जिले के भुसावर के वृद्धि अचार ग्रामोद्योग को स्वादिष्टता व गुणवत्ता में राष्ट्रीय स्तरीय “गोधन अवॉर्ड-2025” से सम्मानित किया गया। इसके अलावा भरतपुर के आनंदस्वरूप मुकेशचंद (गजक उद्योग), नैवाडा के अमर सिंह (शहद उत्पादक), वैलारा की ओमवती देवी व मथुरा की सुनीता शर्मा (तुलसी माला निर्माण) तथा पन्हा के लोहागढ़ फार्म के कमल मीणा (प्राकृतिक अनाज उत्पादक) ने अपने-अपने क्षेत्र में अव्वल स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय गोधन समिट में भरतपुर संभाग से संस्था के माध्यम से स्वदेशी खाद्य पदार्थ, मधुमक्खी शहद, राजस्थानी कपड़े, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, प्राकृतिक अनाज, फल तथा गौवंश आधारित उत्पादों की 10 प्रकार की दुकानें लगाई गईं।
उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य — आत्मनिर्भरता, शिक्षा, ग्रामीण विकास, प्राकृतिक खेती-बागवानी, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण की शुद्धता, कमजोर वर्ग की आर्थिक मदद, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, स्वदेशी उत्पाद एवं गौवंश संरक्षण — को बढ़ावा देना है।संस्था के प्रदेश प्रभारी पुनीत गुप्ता ने बताया कि संस्था के फील्ड ऑफिसर विष्णु मित्तल के सानिध्य में भरतपुर की स्वदेशी उत्पादों की 10 स्टॉलें लगाई गईं, जिनमें प्रमुख रूप से
भरतपुर की गजक,भुसावर के अचार-मुरब्बे,बैलारा (नदबई) की तुलसीमाला,पन्हा (उच्चैन) के जैविक उत्पाद,नैवाडा (वैर) का शहद , हलैना के कपड़े आदि शामिल थे।प्रदर्शनी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री एस.पी. बघेल, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक दिनेशचंद, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, सहित देश की अनेक उद्योग, फिल्म, समाजसेवा एवं धार्मिक जगत की हस्तियाँ उपस्थित रहीं।


