मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में लापरवाही, बीएलओ निलंबित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने पर विधानसभा क्षेत्र नदबई के बीएलओ राजवीरसिंह को निलंबित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि एसआईआर के अन्तर्गत परिगणना प्रपत्र के शून्य डिजिटाइजेशन एवं द्वितीय चरण के परिगणना प्रपत्रों को सुपरवाईजर से प्राप्त किए बिना ही ऑनलाईन वितरण प्रगति को प्रदर्शित करने एवं उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना एवं मतदाता सूची से सम्बन्धित राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही पर नदबई के बीएलओ राजवीर सिंह, अध्यापक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर (नदबई) को तुरंत प्रभाव से निलम्बित किया गया है।
उन्होंने बताया कि निलम्बन काल में बीएलओ राजवीर सिंह का मुख्यालय कार्यालय उपखण्ड अधिकारी में रहेगा एवं निलम्बन अवधि में नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।


