गोविंदगढ़ रामबास पालिका में भाजपा का 'क्लीन स्वीप': निर्दलीयों के समर्थन से महेंद्र सैनी 15 वोटों के भारी अंतर से बने उपाध्यक्ष
गोविंदगढ़ (अलवर) अमित खेड़ापती
गोविंदगढ़ रामबास नगरपालिका में अध्यक्ष पद निर्विरोध जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भी ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। मंगलवार (22 सितंबर) को हुए उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के वार्ड नंबर 5 से पार्षद महेंद्र सैनी ने कांग्रेस प्रत्याशी को 15 मतों के भारी अंतर से पछाड़कर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया।
नामांकन में अंतिम मिनट का हाई-वोल्टेज ड्रामा उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर सुबह से ही चुनावी सरगर्मियां तेज थीं। उपखंड कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी अभिषेक चारण और सहायक रिटर्निंग अधिकारी रोहित मीणा की देखरेख में प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 10:54 बजे भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सैनी ने अपना नामांकन दाखिल किया (प्रस्तावक- रामजीलाल)। वहीं, नामांकन समय समाप्त होने से ठीक 1 मिनट पहले (सुबह 10:59 बजे) कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सुनील मिश्रा की अगुवाई में वार्ड 25 के पार्षद राहुल देव ने अपना पर्चा भरा (प्रस्तावक- महेश कुमार)।
निर्दलीयों ने दिया भाजपा का साथ, कांग्रेस महज 5 पर सिमटी 25 वार्डों वाली इस नगरपालिका में भाजपा के 12, कांग्रेस के 2 और 11 निर्दलीय पार्षद हैं। दोपहर 2:30 से 3:20 बजे तक मतदान के बाद जब परिणाम आए, तो मुकाबला पूरी तरह एकतरफा साबित हुआ। निर्दलीय पार्षदों के अप्रत्याशित समर्थन से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सैनी को कुल 20 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के राहुल देव को मात्र 5 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंजा परिसर जीत का आधिकारिक ऐलान होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल छा गया। समर्थकों ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष महेंद्र सैनी का फूल-मालाओं और साफा पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी कर अपनी खुशी जताई।

