JVVNL के तकनीकी कार्मिकों को फील्ड तथा कार्यालय में निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित होना अनिवार्य
जयपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) में कार्यरत तकनीकी कार्मिकों के लिए यूं तो वर्दी (ड्रेस कोड) अनिवार्य है, लेकिन फील्ड और कार्यालय दोनों ही जगह इसकी पालना नहीं हो रही। हर साल वर्दी का बजट लेने के बाद भी कई कर्मचारी सामान्य या फैशनेबल कपड़ों में ड्यूटी करते दिख रहे हैं, जिससे असली बिजलीकर्मी की पहचान करना आमजन के लिए मुश्किल हो रहा है। इससे ठगी जैसी वारदातों का खतरा बढ़ रहा है।
जेवीवीएनएल की ओर से जारी कार्यालय आदेश में भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तकनीकी कार्मिकों को फील्ड तथा कार्यालय में निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित होना अनिवार्य है, लेकिन हकीकत इसके उलट है। फील्ड में काम करने वाले तकनीकी कर्मचारी यदि वर्दी में न हों तो आमजन के लिए असली बिजली कर्मचारी की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ठगी और फर्जीवाड़े के इस दौर में यह स्थिति और भी खतरनाक मानी जा रही है। बिना वर्दी कोई भी व्यक्ति बिजलीकर्मी बनकर उपभोक्ताओं से मनमानी कर सकता है और ऐसे कई मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। खास बात यह है कि कर्मचारियों की पहचान के अभाव में निगम की छवि भी खराब होती है।
कार्यालयों में भी गड़बड़ी की अनदेखी
मामला महज फील्ड तक सीमित नहीं है। भरतपुर वृत्त के कई कार्यालयों में करीब 100 तकनीकी कार्मिकों को मंत्रालयिक कार्यों में लगा रखा है, जबकि वे टेक्निकल स्टाफ हैं। आश्चर्य की बात यह है कि कार्यालय में बैठते हुए यह कर्मचारी वर्दी नहीं पहनते और बाबूओं की तरह रौबीला व्यवहार करते हैं। विभागीय आदेशों में साफ है कि चाहे तकनीकी कार्मिक फील्ड में हों या कार्यालय में, उन्हें निर्धारित ड्रेस कोड की पालना करनी अनिवार्य है।