प्राचीन कन्या विद्यालय भवन के पत्थर गिरने पर प्रशासन जागा और भवन को गिराया
रामगढ़ (अलवर/राधेश्याम गेरा) रामगढ़ कस्बे के मुख्य बाज़ार में सब्जी मंडी के पास स्थित प्राचीन राजकीय कन्या विद्यालय के खंडहर भवन को मुख्य बाजार के रास्ते पर होने से किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए नगरपालिका ने गिरवा दिया है।
दर असल कुछ दिन पूर्व खंडहर भवन से अचानक पत्थर गिरने से हादसे का कारण बन गई थी। कुछ दिन पूर्व जर्जर इमारत से प्रातः काल में एक बड़ा पत्थर नीचे आ गिरा। पत्थर गिरते ही गली व आसपास बैठे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आवाज इतनी तेज़ थी कि आस-पास के लोग दुकानें छोड़कर बाहर आ गए। जब लोगों ने देखा तो स्कूल की टूट चुकी दीवार से भारी पत्थर सड़क पर गिर पड़े थे।
खंडहर भवन के आगे सब्जी मंडी की ठेलियां व ग्राहकों की आवाजाही और पास ही स्थित मिष्ठान भंडार की दूकान व गली में पड़ोसियों के मकान होने से रोजाना आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में यदि उस समय कोई व्यक्ति वंहा मौजूद होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पत्थर गिरने पर स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी थी। इसके तीन दिन बाद नगर पालिका ने खंडहर बिल्डिंग के चारों तरफ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। बैरिकेड्स लगाकर बिल्डिंग के आसपास दुकानदारों की आवाजाही बंद कर दी गई और बाहर लगी सब्जी की ठेलीयों को भी हटवा दिया ।
उसक पश्चात नगर पालिका ने इस खंडहर भवन को गिराने का कार्य शुरू करवा दिया था।जिसे अब पूरी तरह गिरा दिया गया है। मंगलवार को नगर पालिका खंडहर भवन के मलबे को हटाने का काम कर रही है।
आसपास के दुकानदारों ने बताया कि नगर पालिका यहां से मलबा हटाकर इसकी चारदीवारी करने का भी काम करेगी।
नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि हादसे की आशंका को देखते हुए पुरानी खंडहर गर्ल्स स्कूल बिल्डिंग को गिराकर मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
दरअसल, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस बिल्डिंग को पहले ही खंडहर घोषित कर गिराने के आदेश जारी कर रखे थे। हालांकि, यह क्षेत्र नगर पालिका के अंतर्गत आने के कारण कार्य में देरी हो रही थी। दीवार का पत्थर गिरने के बाद आखिरकार नगर पालिका ने इसे गिराने का कार्य शुरू कर दिया।

