सुंदरावली हत्याकांड: विप्र फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच व कठोर कार्रवाई की मांग
अलवर (राजस्थान)। डीग जिले की पंचायत समिति नगर के ग्राम सुंदरावली में हुए बृजेश शर्मा हत्याकांड को लेकर ब्राह्मण समाज और विप्र फाउंडेशन में गहरा आक्रोश है। शुक्रवार को विप्र फाउंडेशन जिला अलवर के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने और सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते निर्दोष बृजेश शर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी लाठी-डंडों व पत्थरों से जानलेवा हमला किया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और रोष का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, पीड़ित परिवार को तत्काल पर्याप्त पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए तथा उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि शोक संतप्त परिवार को न्याय और संबल मिल सके।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक रंजिश या व्यक्तिगत विवाद में किसी निर्दोष की हत्या सभ्य समाज के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। संगठन ने स्पष्ट किया कि इस कठिन घड़ी में विप्र फाउंडेशन पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में विप्र फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश आडिचवाल, जिला अध्यक्ष पीयूष पंडित जाड़ला, जिला महामंत्री मनोज बेड़ा, शहर अध्यक्ष चंद्रपुनित शर्मा, महिला महामंत्री ममता शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, परामर्शदात्री सदस्य राजेंद्र तिवारी, पुष्पराज शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा, संगठन मंत्री राहुल घाट, जिला उपाध्यक्ष सीए नवीन शर्मा, उपाध्यक्ष विकास तिवाड़ी, कमल भारद्वाज, प्रभुदयाल शर्मा, चेतन जैमन, धर्मवीर शर्मा, काकाजी, जितेंद्र शर्मा, तपेश जैमन, गोपेश शर्मा, विशाल शर्मा, नरेश शर्मा, शिवम् शर्मा, अवधेश शर्मा व पंकज शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

