बनी प्रीमियर लीग सीजन-2 का फाइनल मुकाबला जीतकर जयपुर की जगतपुरा टीम बनी चैंपियन; बैरेर रही उपविजेता
सकट (अलवर): कस्बे की आसन की डूंगरी स्थित खाक नाथ बाबा मंदिर के पास बने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित हो रही 'बनी प्रीमियर लीग सीजन 2' क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक समापन शुक्रवार को संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में जयपुर की जगतपुरा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
रोमांचक फाइनल मुकाबला
आयोजक टीम के पदाधिकारी सुखराम मीना व शेर सिंह मीना ने बताया कि खिताबी मुकाबला जयपुर की जगतपुरा और बैरेर टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैरेर टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 74 रन बनाए और जयपुर की टीम के सामने 75 रनों का लक्ष्य रखा।
जवाबी पारी खेलते हुए जयपुर की जगतपुरा टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का मुज़ाहिरा किया और मात्र 7.3 ओवरों में 6 विकेट खोकर 75 रन बनाते हुए मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए बिल्ला जगतपुरा को 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया, जबकि मैच में अंपायर की भूमिका राकेश व कमलेश मीणा ने निभाई। इस टूर्नामेंट में अलवर, दौसा और जयपुर जिलों की कुल 32 टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।
अतिथियों ने बांटे पुरस्कार
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि सरपंच राजकुमार मीणा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बच्चू पंच, सुरजन व रामकिशन मीणा ने शिरकत की। अतिथियों ने विजेता रही जयपुर जगतपुरा टीम को 51 हजार रुपए नगद और आकर्षक ट्रॉफी तथा उपविजेता रही बैरेर टीम को 21 हजार रुपए नगद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर गिर्राज ठेकेदार, मुकलेश मीणा, प्रवीण गुर्जर, लोकेश गुर्जर, सियाराम गुर्जर, शुभम् गुर्जर, विजेंद्र मीणा, छोटे लाल चौधरी, हितेश चौधरी, राजेश मीणा, धीरज मीणा, योगेश मीणा, भानु गुर्जर, सुखराम, शेर सिंह मीना सहित क्षेत्र के तमाम खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

