दीनार पंचायत को गोविंदगढ़ से जोड़ने का विरोध: लक्ष्मणगढ़ में यथावत रखने की मांग, ग्रामीणों ने पंचायत मुख्यालय पर की जनसभा
अलवर के गोविंदगढ़ में दीनार ग्राम पंचायत को लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति से हटाकर गोविंदगढ़ पंचायत समिति में जोड़ने का विरोध शुरू हो गया है। राजस्थान सरकार के पंचायत पुनर्गठन के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत समिति बदलने को लेकर असंतोष बढ़ रहा है।
सोमवार को दीनार पंचायत मुख्यालय पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों की जनसभा आयोजित की गई। इसमें ग्राम पंचायत के निवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि दीनार ग्राम पंचायत को यथावत लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में ही रखा जाए।
इस आमसभा में पंचायत प्रशासक लीलाबाई चौहान, पूर्व सरपंच हेम सिंह कुमावत, पूर्व सरपंच रामजीलाल कोली, पंचायत समिति सदस्य पूजा बाई, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुनील चौहान, पूर्व पंचायत समिति सदस्य बनवारी लाल मीणा, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष छोटेलाल चौधरी, पूर्व सरपंच कैलाश मीणा, राधेश्याम चौधरी, पूरणमल जाटव, महेश, किशन सिंह, मानसिंह मीणा, खैराती लाल बलाई और शिवबरम फौजी सहित कई ग्रामवासी उपस्थित रहे।