2553वें भगवान महावीर कारनिर्वाण महोत्सव पर धूमधाम से निकली शोभायात्रा; जैन समाज ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया पर्व
तखतगढ़ / बरकत खां
जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2553वां कारनिर्वाण महोत्सव शहर में अत्यंत हर्षोल्लास, भक्ति भाव और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
भव्य शोभायात्रा और गौतम स्वामी का लाडू
महोत्सव की शुरुआत गुलाब पौषध शाला से एक भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जो गाजे-बाजे और धार्मिक जयकारों के साथ विभिन्न मार्गों से होते हुए बासूपूल जैन मंदिर तक पहुँची। यह शोभायात्रा साध्वी दर्शित श्री जी, साध्वी विरागधर्म श्री जी और साध्वी अर्हधर्मा के पावन सानिध्य में निकाली गई।
यात्रा के दौरान गौतम स्वामी का लाडू चढ़ाने का परम सौभाग्य रागिनी-अनिल शाह परिवार को प्राप्त हुआ, जिन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
आत्मज्ञान और वैराग्य का संदेश
बासूपूल जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वी जी ने अपने प्रवचन में कहा कि यह दिन हमें अज्ञान का अंधकार मिटाकर आत्मज्ञान और वैराग्य लक्ष्मी की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने फरमाया कि जिस प्रकार दीपक अंधकार का नाश करता है, उसी प्रकार भगवान महावीर का उपदेश राग-द्वेष के अंधकार को हराने वाला दिव्य प्रकाश है। इसके पश्चात महाराज जी द्वारा महामंगलिक का वाचन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
गणमान्य नागरिकों और समाज की उपस्थिति
इस अवसर पर बासूपूल जैन संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र लूनिया, प्रकाश सांकरिया, लालचंद गांधी, अनिल शाह, अमित सांकरिया सहित महिमा मंडल की सदस्य कुसुम पारेख, ललिता ओसवाल, रागिनी शाह, रतन जैन और बड़ी संख्या में अन्य श्रावक-श्राविकाएं मौजूद रहीं। सभी ने मंदिर में पहुंचकर विधिवत आहुति दी और भगवान महावीर के चरणों में नतमस्तक होकर धर्म लाभ लिया।

