खैरथल शहर में मुख्य मार्गों की बदहाल सड़कें बनी हादसों का कारण, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर के प्रमुख मार्गों पर टूटी, ऊंची-नीची और उखड़ी हुई सड़कों के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शहरवासियों ने नगर परिषद और संबंधित विभागों से तुरंत मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।
गुप्ता नर्सिंग होम के सामने गंभीर स्थिति
हरसोली रोड पर गुप्ता नर्सिंग होम के सामने सीसी रोड और डामर रोड के जॉइंट पर डामर की परत उखड़ चुकी है। सड़क ऊंची-नीची होने से दोपहिया वाहन चालकों का अचानक बैलेंस बिगड़ जाता है। कई लोग यहां मामूली चोट खाकर भी बिना शिकायत आगे बढ़ जाते हैं।
भारी वाहनों के गुजरने पर तेज आवाज व तेज झटका लगने से पीछे चल रहे छोटे वाहन अक्सर चौकन्ने हो जाते हैं और संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है।
हेमू कॉलोनी चौराहा भी खतरे का केंद्र
हेमू कॉलोनी चौक पर सड़क की एक तरफ का हिस्सा लगभग 6 इंच तक ऊपर उठा हुआ है। यह उभार इतनी तेजी से सामने आता है कि खासकर महिला वाहन चालक अक्सर अनबैलेंस होकर गिर जाती हैं। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, “भगवान का शुक्र है कि अब तक कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई, लेकिन खतरा हर समय बना रहता है।”
विद्युत विभाग से पेट्रोल पंप के सामने टूटी सड़क
शहर के विद्युत विभाग और पेट्रोल पंप के बीच स्थित सड़क पर भी यही हाल है। सड़क उखड़ी हुई है और ऊंचा-नीचा भाग गड्ढों जैसा बन गया है, जहां प्रतिदिन दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
स्पीड ब्रेकर टूटे, खतरा दोगुना
पूर्व में लगाए गए प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर आधे टूट चुके हैं। दोपहिया और चौपहिया वाहन चालक स्पीड कम न हो इसलिए टूटे हुए हिस्सों के बीच से निकलने की कोशिश करते हैं। ऐसी ही जल्दबाजी में सामने से आने वाला दूसरा वाहन भी टूटी जगह से निकलने की कोशिश करता है। समान गति और कम जगह के कारण टक्कर का खतरा हर पल बना रहता है।
महिला वाहन चालकों और स्कूली बच्चों के लिए बढ़ा जोखिम ,सुबह के समय बड़ी संख्या में महिलाएं दोपहिया वाहन से अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जाती हैं। उखड़ी और ऊंची-नीची सड़कों के कारण उन्हें अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ती है।
शहरवासियों का कहना है कि सड़क की यह हालत न केवल महिलाओं के लिए बल्कि छोटे बच्चों की जान के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करती है।
स्थानीय व्यापारियों, आम जनता और रोजाना इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि—
- मुख्य मार्गों पर ऊंची-नीची और टूटी सड़कों की तुरंत मरम्मत की जाए।
- स्पीड ब्रेकरों को ठीक किया जाए या सुरक्षित प्रकार के नए स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं।
- संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।
शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन को चाहिए कि इन मार्गों का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करे ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


