गोविंदगढ़ में ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत: इलाज के दौरान जयपुर में तोड़ा दम, परिजनों का आरोप-ड्राइवर ने लगा रखे थे ईयरफोन
गोविंदगढ़ (अलवर) के कंचरेटी गांव में एक मासूम बालक की इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई। बालक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर ड्राइवर ईयरफोन लगाए हुए था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
- तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना 30 मई की शाम करीब 7 बजे हुई। कंचरेटी निवासी अयान खेतों से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बालक का पैर ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर में बुरी तरह फंस गया। रोटावेटर की चपेट में आने से अयान के पैर का मांस फट गया और हड्डियां बुरी तरह टूट गईं।
- जयपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल अयान को परिजन तुरंत गोविंदगढ़ अस्पताल ले गए। वहां से गंभीर हालत के चलते उसे पहले अलवर और फिर जयपुर रेफर किया गया। जयपुर में उपचार के दौरान अयान ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक कानों में ईयरफोन लगाए हुए था और वाहन को काफी तेज गति से चला रहा था। ईयरफोन लगे होने के कारण चालक सामने से आ रहे बालक की आवाज या हलचल को नहीं सुन सका, जिससे यह हादसा हुआ। गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

