चोरों का आतंक: कोसेलाव में सूने मकान का ताला तोड़ लाखों की नकदी और गहने पार
तखतगढ़ (पाली) बरकत खां। तखतगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आम जनता में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। बीते रविवार रात चोरों ने कोसेलाव गांव (दौलतपुरा रोड) स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के भारी आभूषण पार कर दिए।
पीड़ित भंवरलाल माली ने तखतगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि माताजी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे रविवार को अपने पैतृक गांव पावा गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़ा और अलमारी में रखी नकदी व कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए।
चोरी गए सामान का विवरण:
- नकदी: करीब ₹2,20,000 नकद
- सोने के आभूषण: ढाई तोला सोने का हार, आधा तोला की अंगूठियां, सवा तोला का कानों का बेला, डेढ़ तोला की चेन, डेढ़ तोला की तीन अन्य अंगूठियां तथा एक तोला की बूटियां
- चांदी के आभूषण: दो कंदोरे (वजन 1 किग्रा), दो छड़े (वजन 1 किग्रा), 50 ग्राम चांदी के सिक्के तथा दो जोड़ी तोड़े
मंदिरों में भी चोरी का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी
तखतगढ़ क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कोसेलाव की घटना के अलावा धणा माताजी मंदिर में भी चोरी की कोशिश की गई, जहां चोरों ने सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए। हालांकि, फुटेज में चार संदिग्ध नजर आए हैं जिनके आधार पर पुलिस तलाश में जुटी है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पूर्व बलाना और पावा के पावेश्वर महादेव मंदिर में हथियार (पिस्तौल) दिखाकर हुई चोरी का भी अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ती इन वारदातों ने पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

