शांतिपूर्ण चुनाव की तैयारी: पुलिस ने उदयपुरवाटी की सड़कों पर किया फ्लैग मार्च, आमजन को दिलाया सुरक्षा का अहसास
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) सुमेर सिंह राव।
आगामी नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से 23 अगस्त 2026 को पुलिस प्रशासन ने कस्बा उदयपुरवाटी में फ्लैग मार्च निकाला।
यह फ्लैग मार्च जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (IPS) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत (RPS) के मार्गदर्शन और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह (RPS) के नेतृत्व में निकाला गया। इसमें उदयपुरवाटी थानाधिकारी (पुलिस उपनिरीक्षक) श्रीमती संतोष मय जाब्ता शामिल रहीं।
भयमुक्त वातावरण का दिया संदेश
कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरे इस फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नागरिकों से संवाद किया। पुलिस टीम ने क्षेत्रवासियों से आगामी निकाय चुनाव शांतिपूर्ण व भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी सख्त नजर
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह से कानून व्यवस्था भंग करने या असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

